Varanasi News: वाराणसी में साइबर ठगों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय गिरोह के 7 सदस्य गिरफ्तार

Varanasi News: साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वाराणसी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मंगलवार को बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने मोतीझील, महमूरगंज स्थित एक किराए के मकान में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मारकर अंतरराज्यीय गिरोह के सात शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपियों पर विदेशों में नौकरी दिलाने के नाम पर हजारों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप है।

मोटी रकम वसूली जाती थी

पुलिस उपायुक्त अपराध सरवणन टी. ने बताया कि यह गिरोह बीते एक साल से कॉल सेंटर के जरिये लोगों को निशाना बना रहा था। आरोपी गल्फ कंट्रीज, इजराइल, ओमान, कंबोडिया और साउथ अफ्रीका जैसे देशों में नौकरी का झांसा देते थे। पीड़ितों से वीजा, पासपोर्ट, मेडिकल और फ्लाइट टिकट के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती थी। इसके बाद उन्हें फर्जी ऑफर लेटर, नकली वीजा और बनावटी टिकट थमा दिए जाते थे। एयरपोर्ट पहुंचने पर लोगों को पता चलता था कि उनकी कोई फ्लाइट ही नहीं है। छापेमारी में पुलिस ने आरोपियों से एक लैपटॉप, नौ मोबाइल फोन और कई अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। गिरोह पैसे लेने के लिए म्यूल अकाउंट्स का इस्तेमाल करता था, ताकि पैसों की ट्रेसिंग मुश्किल हो सके। कॉल करने के लिए ये लोग फर्जी सिम कार्ड का सहारा लेते थे और इनके एजेंट्स कोलकाता, दिल्ली और मुंबई तक फैले हुए हैं।

साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही

गिरफ्तार आरोपियों में राकेश यादव निवासी बच्छांव (रोहनिया), मो. असलम निवासी जुगुलटोला (आदमपुर), राहुल गुप्ता निवासी शिवधामनगर कॉलोनी (रोहनिया), अमित कुमार यादव निवासी नचनीकुँआ (आदमपुर) और प्रियांशु प्रजापति निवासी जुगुलटोला (मछोदरी, आदमपुर) शामिल हैं।पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और इनके बाकी साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

रिपोर्टः विशाल मौर्य

Also Read: अखिलेश यादव ने विपक्ष के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार संग की प्रेसवार्ता, अजय राय भी रहे मौजूद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.