Varanasi News: बीजेपी कार्यकर्ताओं ने चितईपुर थाने पर जमकर किया प्रदर्शन, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की

Varanasi News: वाराणसी के चितईपुर थाने में शनिवार को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। यह पूरा मामला कंदवा क्षेत्र में बीजेपी के पूर्व मंडल अध्यक्ष जितेंद्र केशरी के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा की गई कथित बदसलूकी से जुड़ा है।

क्या है पूरा मामला?

कंदवा में बीजेपी के पूर्व मंडल अध्यक्ष जितेंद्र केशरी के साथ पुलिसकर्मियों ने अभद्रता की और उनका परिचय भी मानने से इनकार कर दिया। इसके बाद बीजेपी नेता ने इसकी जानकारी संगठन को दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे गुस्साए कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन का फैसला किया।

सुबह करीब 10 बजे बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता और 8 पार्षद चितईपुर थाने पहुँच गए और थाने का घेराव कर दिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दोषियों पर तुरंत कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस का रवैया बीजेपी नेताओं के प्रति लगातार सख्त होता जा रहा है।

आला अधिकारी मौके पर पहुंचे

मौके पर मौजूद थाना प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे। उन्होंने साफ कर दिया है कि जब तक जितेंद्र केशरी के साथ दुर्व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना खत्म नहीं किया जाएगा। फिलहाल, स्थिति को संभालने के लिए आला अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं।

रिपोर्ट: विशाल कुमार मौर्या

Also Read: मतदाता अधिकार यात्रा में राहुल और तेजस्वी के साथ मिलकर अखिलेश ने भरी हुंकार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.