Varanasi News: सीईओ मयूर माहेश्वरी ने दी चेतावनी, एक माह में सुधार न होने पर होगी कार्रवाई
Varanasi News: करखियाव स्थित एग्रो पार्क और अमूल डेयरी का गुरुवार शाम निरीक्षण करने पहुंचे यूपीसीडा के सीईओ आईएएस मयूर माहेश्वरी उस वक्त भड़क उठे जब उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त और कीचड़ भरी सड़क से गुजरने में असमर्थ हो गई। ड्राइवर ने कार ले जाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद सीईओ को मजबूरन दूसरे रास्ते से बाहर निकलना पड़ा।
टूटी सड़क और नालियों पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने देखा कि कई जगह सड़कें टूटी हुई थीं और नालियों से गंदगी बह रही थी। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि अगर एक महीने के भीतर हालात नहीं सुधरे तो कार्रवाई तय है। उन्होंने कार से करीब तीन किलोमीटर तक धीमी रफ्तार से परिसर का निरीक्षण किया और हर बिंदु पर अधिकारियों से सवाल-जवाब किए।
निरीक्षण के बाद सीईओ अमूल डेयरी पहुंचे, जहां उन्होंने एग्रो पार्क के उद्यमियों और अमूल प्रबंधन से बैठक की।
करीब आधे घंटे चली इस बैठक में उन्होंने सुंदरीकरण, टूटी नालियों की मरम्मत और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए तुरंत इस्टीमेट बनाकर भेजने का निर्देश दिया। साथ ही अमूल के उत्पादन और गुणवत्ता की जानकारी भी ली और समस्याओं का जल्द निस्तारण कराने का भरोसा दिलाया।
अधिकारियों को मिली चेतावनी
सीईओ ने साफ कहा कि उद्यमियों की दिक्कतें हल करना प्राथमिकता है और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर तय समय में सुधार नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
इस दौरान एग्रो पार्क एसोसिएशन अध्यक्ष मनोज मद्धेशिया और अमूल के स्थानीय प्रबंधक आलोक मणि त्रिपाठी ने बुके और स्मृति चिन्ह भेंट कर सीईओ का स्वागत किया। मौके पर एसोसिएशन के पदाधिकारी और उद्यमियों के साथ यूपीसीडा और अमूल के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक
Also Read: Jaunpur News: न नौकरी मिली, न पैसा… फिर भी मजदूर को मिला 4.42 करोड़ रुपये का GST नोटिस

