Varanasi News: पीएम मोदी के दौरे की तैयारियों का सीएम योगी ने लिया जायज़ा, दिए कई अहम निर्देश

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी वाराणसी दौरे को लेकर तैयारियां ज़ोरों पर हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर इन तैयारियों का जायज़ा लिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पीएम मोदी के कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां तय समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम सुचारु और भव्य तरीके से संपन्न हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बनौली, सेवापुरी में आयोजित होने वाली सभा के लिए पेयजल, शौचालय, बरसात से बचाव और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता बनाए रखी जाए और सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग न हो।

मौके का जायजा लेते सीएम योगी 

cm yogi
मौके का जायजा लेते सीएम योगी

सीएम योगी ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री के आगमन मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्थित रहे, किसी प्रकार की अव्यवस्था या जाम की स्थिति न बनने पाए। पब्लिक एड्रेस सिस्टम पूरी तरह कार्यशील रहे, जिससे सूचना का संचार सटीक और समय पर हो सके। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का लोकार्पण या शिलान्यास प्रस्तावित है, उनकी सभी प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। इसके साथ ही शहर में वॉर्डवार समितियां गठित कर नियमित सफाई अभियान चलाने और वरुणा नदी की सफाई के निर्देश भी दिए।

बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियों, सुरक्षा इंतज़ाम, पार्किंग व्यवस्था और जनसभा स्थल की रूपरेखा का प्रेजेंटेशन दिया। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने श्री कालभैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस अहम बैठक में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प व न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Also Read: Lucknow News:MD के निर्देशों को ताक पर रख रहे जिम्मेदार, ACP में…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.