Varanasi News: रास्ते के विवाद में कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की हत्या, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
Varanasi News: कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम हत्याकांड का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। मामले में पुलिस ने हत्या की साजिश रचने वाले तीन आरोपियों और असलहा सप्लाई करने वाले को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि वारदात को अंजाम देने वाले तीनों शूटर अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

महेंद्र को रास्ते से हटाने की योजना बनाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की हत्या सिर्फ रास्ते के विवाद को लेकर कराई गई थी। महेंद्र ने जिस कॉलोनी को बसाया था, उसी में जोगेंद्र यादव, चंदन शुक्ला और श्याम प्रकाश राजभर की जमीन भी थी। इन तीनों की जमीन रास्ते के झगड़े में फंसी हुई थी, जिसके चलते लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के कारण तीनों ने महेंद्र को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने गाजीपुर से तीन शूटर बुलाए और 5 लाख रुपये सुपारी देकर महेंद्र की हत्या कराई।
अधिकारियों ने दावा किया
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को वारदात के लिए असलहा भी उपलब्ध कराया गया था। इसी क्रम में पुलिस ने असलहा सप्लाई करने वाले को भी गिरफ्तार कर लिया है।गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना इलाके में सनसनी फैलाने वाली थी। पुलिस ने दबाव में आकर पूरे मामले की तफ्तीश तेज की और अब जाकर साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। फिलहाल फरार तीनों शूटरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें सक्रिय हैं। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर पूरे मामले का पटाक्षेप कर दिया जाएगा।
रिपोर्टः संतोष पाण्डेय
Also Read: Lucknow News: चंदन गुप्ता हत्याकांड के दोषी सलीम शेख की मौत, KGMU में चल रहा था इलाज

