Varanasi News: राजेश्वरी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हरियाली तीज पर प्रतियोगिता आयोजित
Varanasi News: हरियाली तीजोत्सव के अवसर पर राजेश्वरी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हरहुआ में सोमवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
महाविद्यालय परिसर में छात्राओं ने जहां अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वहीं कार्यक्रम में पारंपरिक लोकसंस्कृति की झलक भी दिखाई दी।

कलात्मक प्रतिभा से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक एवं साहित्यकार डॉ. राघवेन्द्र नारायण सिंह ने दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद छात्राओं ने मेंहदी प्रतियोगिता में भाग लिया और अपनी कलात्मक प्रतिभा से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
साथ ही तीज पर आधारित गीत और मनभावन नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। मेंहदी प्रतियोगिता में कुल 25 छात्राओं ने हिस्सा लिया।
इसमें सोनम चौहान (प्रथम सेमेस्टर) ने पहला स्थान, शिखा सरोज (पंचम सेमेस्टर) ने दूसरा स्थान और पाकीजा खातून (पंचम सेमेस्टर) ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेता छात्राओं को प्रमाणपत्र और पुरस्कार दिए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

परिवार के प्रति समर्पण का संदेश
इस अवसर पर डॉ. सिंह ने कहा कि तीज जैसे पर्व भारतीय संस्कृति के जीवंत प्रतीक हैं। ये पर्व हमें प्रकृति से जुड़ने, सामूहिक जीवन जीने और परिवार के प्रति समर्पण का संदेश देते हैं।
उन्होंने निर्जला तीज को सुहागिन महिलाओं के त्याग, अनुराग और दृढ़ संकल्प का प्रतीक बताया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण—डॉ. सुमन सिंह, सोनी सिंह, प्रीति राय, इकबाल अहमद, इंदुमती देवी, अजय कुमार और श्रीमती ज्योति सिंह सहित सभी संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संयोजन उपनिदेशक अंशुमान सिंह ने किया, जबकि संचालन डॉ. डी.के. तिवारी ने किया।
रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक
Also Read: Lucknow News: अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का भव्य स्वागत, सीएम योगी ने किया सम्मानित

