Varanasi News: राजातालाब रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज/अंडरपास की मांग तेज, पीएम को भेजा गया ज्ञापन

Varanasi News: राजातालाब क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्या एक बार फिर सुर्खियों में है। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजकुमार गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डिजिटली ज्ञापन भेजकर राजातालाब-जक्खिनी मार्ग स्थित रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज या अंडरपास निर्माण की मांग तेज कर दी है।

फाटक 20 मिनट से अधिक समय तक बंद रहता

राजकुमार गुप्ता ने अपने ज्ञापन में बताया कि इस रेलवे फाटक पर दिनभर ट्रेनों और मालगाड़ियों की आवाजाही के कारण कई बार फाटक 20 मिनट से अधिक समय तक बंद रहता है। ऐसे में स्थानीय ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जल्दबाजी में कई दुपहिया वाहन चालक गेट के नीचे से निकलने की कोशिश करते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

किसी को कोई सुध नहीं

उन्होंने कहा कि करीब 5 माह पहले रेल मंत्रालय और राज्य सरकार के बीच आपसी सहयोग से अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, लेकिन आज तक न तो प्रस्ताव को स्वीकृति मिली और न ही बजट जारी हुआ। इस कारण मामला ठंडे बस्ते में चला गया।

गुप्ता ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज या अंडरपास निर्माण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को बाध्य होंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या सालों से बनी हुई है और अब समय आ गया है कि उन्हें स्थायी समाधान दिया जाए।

रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक

Also Read: SIIMA अवॉर्ड्स 2025 में इन सितारों ने जीते बड़े अवॉर्ड, पुष्पा 2 और कल्कि 2898 एडी का जलवा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.