Varanasi News: वार्ड प्रवास के दौरान स्वच्छता अभियान और मरम्मत कार्यों में तेजी

Varanasi News: दक्षिणी विधानसभा में 20 जुलाई से 2 अक्टूबर तक चल रहे 75 दिवसीय वार्ड प्रवास का पहला 50 दिन का चरण संपन्न हो गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व क्षेत्रीय विधायक और पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी कर रहे हैं। वार्ड प्रवास के दौरान नगर निगम, जलकल तथा अन्य विभागों के अधिकारी भी उनके साथ क्षेत्र भ्रमण में शामिल होते हैं।

क्षेत्र की समस्याओं का त्वरित निस्तारण

वार्ड प्रवास में अलग-अलग वार्डों में वार्षिक और दैनिक समस्याओं पर ध्यान दिया जाता है। इसमें पेयजल, गली-पटिया, सीवर, नाली आदि का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत करवाई जाती है। बड़ी समस्याओं या महत्वपूर्ण कार्यों के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाता है।

विधायक निधि से राहत और विकास कार्य

पिछले 50 दिनों में डॉ. तिवारी ने अपने विधायक निधि और कुछ मामलों में त्वरित आर्थिक विकास निधि से कई वार्डों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए धनराशि जारी की। आने वाले दिनों में यह धनराशि पूरे महीने में कई कार्यों के लिए उपयोग में लाई जाएगी।

इन 50 दिनों में विधायक ने लगभग 4000 परिवारों से सीधा संवाद किया और करीब 50 जनचौपाल आयोजित की। साथ ही लगभग 250 लाभकारी वृक्षों का पौधारोपण भी किया गया।

वार्ड प्रवास के दौरान सभी 24 वार्डों में कम से कम दो-दो बार भ्रमण किया गया। हाल ही में ईश्वरगंगी वार्ड में स्वच्छता अभियान चलाया गया, मार्गों की खराब पटिया ठीक करवाई गई और सीवर की समस्याओं का समाधान किया गया। आने वाले त्योहारों को ध्यान में रखते हुए सभी मंदिरों तक जाने वाले मार्गों की सफाई और मरम्मत भी सुनिश्चित की गई।

लोगों को जागरूक करने का अभियान

विधायक के नेतृत्व में हर दिन वार्ड में मौजूद भवन स्वामियों और निवासियों को स्वच्छता और सफाई के लिए जागरूक किया गया। साथ ही उखड़ी पटिया, खराब पानी की पाइप लाइन, मैनहोल के ढक्कन और गली पिट जैसी समस्याओं का निराकरण भी कराया गया।

हर दिन वार्ड प्रवास में मंडल अध्यक्ष, पूर्व मंडल अध्यक्ष, क्षेत्रीय पार्षदगण, नगर निगम के अधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक भी उपस्थित रहते हैं।

डॉ. तिवारी का यह वार्ड प्रवास कार्यक्रम क्षेत्र की समस्याओं को तुरंत सुलझाने और लोगों तक शासन की योजनाओं को पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है।

रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक

Also Read: Lucknow News: जान से मारने की नियत से फायरिंग करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.