Varanasi News: शेयर मार्केट के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 29 आरोपी गिरफ्तार
Varanasi News: साइबर अपराध पर शिकंजा कसते हुए वाराणसी साइबर पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने दो फर्जी कॉल सेंटरों पर छापेमारी कर 29 लोगों को गिरफ्तार किया है। ये लोग शेयर मार्केट में ट्रेडिंग, डीमैट अकाउंट और इन्वेस्टमेंट के नाम पर देशभर के लोगों से ठगी कर रहे थे।
एंजल कंपनी के नाम पर करते थे फ्रॉड

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी खुद को एंजल कंपनी का कर्मचारी बताकर लोगों से संपर्क करते थे। वे लोगों को डीमैट अकाउंट खुलवाने और अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देते थे। इसके लिए गैंग के सदस्य अलग-अलग फेक नामों का इस्तेमाल कर कॉल करते थे।
गैंग खासकर दक्षिण और पश्चिम भारत के राज्यों में रहने वाले लोगों को निशाना बना रहा था। अब तक सामने आई शिकायतों में यह पाया गया है कि केवल 27 साइबर कंप्लेन में ही आरोपियों ने 31 लाख रुपये से अधिक की ठगी की है।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 54 मोबाइल फोन, लैपटॉप और बड़ी संख्या में चेकबुक बरामद की हैं। गिरफ्तार किए गए 29 लोगों में एक महिला कर्मचारी भी शामिल है।
कोविड के बाद शुरू किया था फर्जीवाड़ा
पुलिस के अनुसार, गैंग ने कोविड के बाद से ही इस तरह के फर्जी कॉल सेंटर चलाने शुरू किए थे। धीरे-धीरे इन्होंने अपना नेटवर्क कई राज्यों तक फैला लिया। गैंग के कई कर्मचारियों को 2-3 फेक नाम दिए गए थे और इन्हीं नामों से लोगों को फोन कर उन्हें निवेश का लालच दिया जाता था।
हालांकि, पुलिस ने 29 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन गैंग का असली मास्टरमाइंड यानी “सुपर बॉस” अभी भी फरार है। पुलिस लगातार दबिश देकर उसकी तलाश कर रही है।
रिपोर्ट: संतोष पांडे
Also Read: Kanpur News: कानपुर में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम

