Varanasi News: फिल्म बनी, मुनाफा हुआ लेकिन हिस्सा नहीं मिला – पवन सिंह और तीन अन्य पर एफआईआर
Varanasi News: भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि फिल्म बनाने के नाम पर कारोबारी से करोड़ों रुपये लिए गए, लेकिन मुनाफे में उसका हिस्सा नहीं दिया गया। कोर्ट के आदेश पर कैंट थाने में एफआईआर दर्ज हुई है।
सरकारी सब्सिडी भी मिल जाएगी
मामला नदेसर के होटल और टूर एंड ट्रैवल्स कारोबारी विशाल सिंह से जुड़ा है। उनका आरोप है कि फिल्म निर्माता प्रेमशंकर राय, उनकी पत्नी सीमा राय, अरविंद चौबे और अभिनेता पवन सिंह ने मिलकर उनसे 1.13 करोड़ रुपये वसूले। पैसे निवेश कराने का झांसा यह दिया गया कि फिल्म बनने के बाद अच्छा मुनाफा होगा और सरकारी सब्सिडी भी मिल जाएगी।
विशाल सिंह का कहना है कि 2017 में उनकी जान-पहचान पुणे निवासी प्रेमशंकर राय दंपती से हुई थी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पवन सिंह को फिल्म में लिया जाएगा और प्रोजेक्ट बेहद फायदेमंद होगा। 2018 में नदेसर स्थित कार्यालय में पवन सिंह से मुलाकात भी कराई गई। जून 2018 में दबाव बनाकर उनसे किस्तों में 32.60 लाख रुपये उनकी कंपनी श्रेयस फिल्म प्राइवेट लिमिटेड के खाते में जमा कराए गए।
मुनाफा खुद रख लिया
इसके बाद नवंबर 2018 में फिल्म की शूटिंग भी शुरू हुई। इस दौरान सभी ने होटल सिटी इन, कैंट में मिलकर कागजात तैयार किए। लेटरहेड पर हिस्सेदारी का बंटवारा तय हुआ – निर्माता को 50%, सह-निर्माता को 25%, अभिनेता को 20% और निर्देशक को 5% मुनाफा।
लेकिन फिल्म बनने के बाद आरोपियों ने सारा मुनाफा खुद रख लिया और निवेशक को हिस्सा नहीं दिया। फिलहाल पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विवेचना इंस्पेक्टर सत्यप्रकाश को सौंपी गई है।
रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक
Also Read: Lucknow News: अवंति बाई और क्वीन मैरी अस्पताल पहुंचीं महिला आयोग की अध्यक्ष, मरीजों से जाना हाल

