Varanasi News: पूर्व BJP विधायक के बेटे पर जमीन कब्जे का आरोप, वीडियो हुआ वायरल
Varanasi News: भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा बड़ी पटिया इलाके से एक विवादित मामला सामने आया है। यहां पूर्व भाजपा विधायक सुनीता सिंह के बेटे प्रशांत सिंह पर जमीन कब्जाने और पड़ोसी का रास्ता बंद करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा विवाद?
जानकारी के मुताबिक, 14 सितंबर को प्रशांत सिंह ने पड़ोसी गीता देवी के मकान के गेट के ठीक सामने दीवार खड़ी कर दी। इस दौरान दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक भी हुई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्होंने पहले आपसी सहमति से प्रशांत सिंह को अपनी जमीन से आने-जाने का रास्ता दिया था, लेकिन अब वह उनकी जमीन खरीदने का दबाव बना रहे हैं। विरोध करने पर गेट के सामने दीवार डाल दी गई।
वायरल वीडियो में लाल टी-शर्ट पहने प्रशांत सिंह गेट के सामने दीवार बनवाते नजर आ रहे हैं। अंदर से महिलाएं विरोध कर रही हैं और उन्हें जबरन रास्ता बंद करने का आरोप लगाते हुए बहस कर रही हैं।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने बुलाया। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के दस्तावेज जांचे जा रहे हैं। मामला अब एसडीएम कोर्ट भेजा गया है, जहां लेखपाल जमीन की नाप-जोख करेगा। डीसीपी काशी ने भी सोशल मीडिया पर बताया कि दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने की हिदायत दी गई है।
Also Read: UP: जगन्नाथपुरी जा रहे यूपी के श्रद्धालु सड़क हादसे के हुए शिकार

