Varanasi News: गंगा का जलस्तर बढ़ा, वाराणसी के गांवों में घुसा पानी, दलित बस्ती के लोग राहत शिविर में

Varanasi News: वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ रहा है। गंगा के रौद्र रूप ने किनारे बसे गांवों के किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बाढ़ का पानी निचले इलाकों में फैलने लगा है, जिससे लोगों के घरों में पानी घुस गया है और फसलें खराब होने का खतरा बढ़ गया है।

रामपुर की दलित बस्ती पानी से घिरी

बढ़ते जलस्तर की वजह से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में रामपुर की दलित बस्ती है। गुरुवार सुबह तक बस्ती पूरी तरह से पानी से घिर चुकी थी। सूचना मिलने पर ब्लॉक के बीडीओ और राजस्व कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पानी में फंसे 8 परिवारों के 50 सदस्यों को सुरक्षित निकालकर रामपुर प्राथमिक विद्यालय में बनाए गए बाढ़ राहत शिविर में पहुंचाया। इन परिवारों को खाने-पीने का सामान भी दिया गया।

राहत शिविर में जाते बाढ़ से प्रभावित लोग।

बाढ़ का पानी छितौना और जाल्हूपुर के निचले हिस्सों में भी घुसने लगा है। किसान इस बात को लेकर चिंतित हैं कि उनकी धान की फसलें खराब हो जाएंगी। किसान लालजी यादव और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पिछली बार की बाढ़ हटने के बाद जो फसलें बची थीं, अब उन पर भी संकट आ गया है।

प्रशासन ने दी चेतावनी

पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आर ए चौधरी ने भी अपनी टीम के साथ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने लोगों को गंगा नदी और सोता के किनारों से दूर रहने की सलाह दी और किसी भी तरह की घटना की सूचना तुरंत देने को कहा। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है।

रिपोर्ट: मदन मुरारी पाठक

Also Read: जौनपुर में खुलेआम दबंगई, भीड़ में युवक ने की फायरिंग, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.