Varanasi News: बीएचयू में छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच जमकर पत्थरबाजी, 100 से अधिक घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर मंगलवार देर रात उस समय रणक्षेत्र में बदल गया, जब छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच जबरदस्त पत्थरबाजी और मारपीट हुई। यह संघर्ष तीन घंटे तक चला और हालात काबू में आने तक 100 से अधिक लोग घायल हो चुके थे।
परिसर में तनाव की शुरुआत एलडी गेस्ट हाउस चौराहे से हुई, जो बाद में कुलपति आवास तक फैल गई। सूचना मिलने पर तीन थानों की पुलिस, 10 चौकियों की फोर्स और चार ट्रक पीएसी मौके पर पहुंची और छात्रों को हॉस्टल तक खदेड़ा। इस दौरान 300 से अधिक छात्र और लगभग 200 सुरक्षाकर्मियों के बीच गतिरोध बना रहा।
100 से अधिक लोग घायल, संपत्ति को नुकसान
इस हिंसक झड़प में 100 से अधिक लोग घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल छात्रों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
एलडी गेस्ट हाउस के बाहर चौराहे पर लगे 10 से अधिक सजावटी गमले, कई वाहन और कुर्सियां तोड़ दी गईं। इसके अलावा, बुधवार को होने वाले काशी तमिल संगमम् के स्वागत के लिए लगाए गए ‘वणक्कम काशी’ के दो बड़े पोस्टर भी फाड़ दिए गए। परिसर में करीब आधा किलोमीटर तक ईंट-पत्थर बिखरे मिले।
विवाद को लेकर अलग-अलग दावे
झगड़े की वजह को लेकर छात्रों और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के अधिकारियों के बयान अलग-अलग हैं। छात्रों ने बताया कि राजाराम हॉस्टल के पास किसी गाड़ी वाले ने एक छात्रा को धक्का मार दिया था। शिकायत लेकर पहुंचे छात्र के साथ सुरक्षाकर्मियों की बहस हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
अधिकारियों के अनुसार, बवाल से पहले मुंह बांधे कुछ छात्र एक दूसरे लड़के को घेरकर पीट रहे थे। सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव कर उन छात्रों को प्रॉक्टोरियल बोर्ड के हवाले कर दिया, जिसके बाद बड़ी संख्या में हॉस्टल से छात्र आए और सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर दिया।
कुलपति आवास के बाहर धरना और पत्थरबाजी
सुरक्षाकर्मियों से मारपीट के बाद छात्रों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। घायल हुए छात्रों के साथ न्याय की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र हॉस्टल से निकलकर कुलपति आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। इसी दौरान विवाद बढ़ा और अचानक पत्थरबाजी होने लगी, जिससे तनाव चरम पर पहुंच गया।
बीएचयू के चीफ प्रॉक्टर प्रो. शिव प्रकाश सिंह ने बताया, “अभी किसी तरह की शिकायत नहीं मिली है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।”
Also Read: अयोध्या बनी ‘कोल्ड कैपिटल’, 6.0°C के साथ सबसे ठंडा शहर, चेतावनी जारी

