Varanasi News: मकान का छज्जा गिरने से मजदूर की दर्दनाक मौत, परिजनों ने किया हंगामा

Varanasi News: बड़ागांव थाना क्षेत्र के भीटी गांव में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। एक नवनिर्मित मकान का छज्जा अचानक गिर जाने से 20 वर्षीय मजदूर मुकेश गौतम मलबे में दब गया। आनन-फानन में उसे सातो महुआ स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद मकान मालिक और ठेकेदार मजदूर का शव घर भिजवाकर मौके से फरार हो गए। इससे गुस्साए परिजन मृतक का शव निर्माणाधीन मकान के सामने रखकर धरने पर बैठ गए। उनका आरोप है कि मकान मालिक और ठेकेदार की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। सूचना पर पहुंची बड़ागांव पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इसी मकान का छज्जा गिरने से मजदूर की हुई मौत।

क्या हुआ था हादसे के वक्त

जानकारी के अनुसार, मृतक मुकेश गौतम भदोही जिले के अमवा खुर्द गांव का निवासी था और मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता था। वह 7 सितंबर से भीटी गांव में मुनीराज पटेल के निर्माणाधीन मकान में ठेकेदार वीरेंद्र उर्फ गोरख राजभर के अधीन काम कर रहा था। गुरुवार सुबह वह अकेले मकान के बाहर छज्जे की सैटरिंग खोल रहा था, तभी छज्जा अचानक गिर पड़ा और वह मलबे में दब गया।

परिजनों का आरोप

मृतक के भाई भरत लाल ने आरोप लगाया कि ठेकेदार और मकान मालिक ने मानकों को दरकिनार कर बिना पिलर के छज्जा डलवाया था। इतना ही नहीं, मजदूरी का पैसा रोकने की धमकी देकर मुकेश से समय से पहले सैटरिंग खुलवाई गई, जिससे हादसा हुआ। परिजनों का कहना है कि दोनों आरोपियों ने मौके पर खून के सबूत मिटाने की भी कोशिश की।

फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर मकान मालिक और ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक

 

Also Read: Kanpur News: नगर आयुक्त ने कान्हा गोशाला का किया निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.