Varanasi News: वाराणसी में कुआर मंदिर का ताला काटकर लाखों की चोरी, 9 महीने में दूसरी घटना
Varanasi News: वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र में स्थित कुआर बाज़ार के काली माता मंदिर में बीती रात चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है।
चोरों ने मंदिर का ताला काटकर एक लाख रुपए से अधिक का सामान, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण शामिल हैं, चुरा लिया। यह इस मंदिर में पिछले 9 महीने के भीतर चोरी की दूसरी घटना है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
आधी रात को हुई वारदात
सोमवार की रात क़रीब 9 बजे मंदिर के पुजारी काली प्रसाद मंदिर बंद कर अपने घर चले गए थे। मंगलवार सुबह जब मंदिर की साफ़-सफ़ाई करने वाले पलटू प्रजापति वहाँ पहुँचे, तो उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाज़े का ताला कटर से काटकर अलग रखा हुआ था।
अंदर जाने पर उन्होंने पाया कि माता की मूर्ति से चांदी का मुकुट, सोने की नथिया और उसमें चढ़ाए गए सोने के छोटे-छोटे छल्ले (रिंग्स) ग़ायब थे। इसके अलावा, त्रिशूल और दान पेटी भी चोरी हो चुकी थी।
तुरंत इसकी सूचना पुजारी को दी गई, जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। इस घटना से लोगों में गहरा रोष है, क्योंकि यह मंदिर क्षेत्र में काफ़ी प्रसिद्ध है और आसपास के गाँवों के लोगों की इससे गहरी आस्था जुड़ी हुई है।
पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
चोरी की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह, चौकी इंचार्ज अमित पांडेय और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुँची और जांच-पड़ताल शुरू की। कुछ ग्रामीणों ने डॉग स्क्वायड को बुलाने की भी मांग की, ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।
पुजारी ने बताया कि चोरी हुए सामान की कुल क़ीमत लगभग एक लाख रुपए है।9 महीने के भीतर मंदिर में हुई यह दूसरी चोरी की घटना है, जो पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस को मंदिर और उसके आसपास के इलाक़ों में गश्त बढ़ानी चाहिए ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा और चोरी का सामान बरामद करने की कोशिश की जाएगी।
Also Read: पाकिस्तान में बाढ़-भूस्खलन से 657 से ज़्यादा लोगों की मौत, सरकारी लापरवाही पर सवाल

