Varanasi News: वकीलों ने की दरोगा की पिटाई, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

Varanasi News: मंगलवार को वाराणसी कचहरी परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब वकीलों के एक समूह ने बड़ागांव थाने के दरोगा मिथिलेश प्रजापति की जमकर पिटाई कर दी। इस घटना में दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल कचहरी पहुंचा, जिसके बाद परिसर में मौजूद वकील वहां से चले गए।

क्या है पूरा मामला?

बताया जा रहा है कि यह विवाद बड़ागांव थाना क्षेत्र के पुआरी खुर्द गांव में दो पट्टीदारों, मोहित कुमार सिंह और प्रेमचंद्र मौर्य के बीच जमीन विवाद से जुड़ा है। दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर झगड़ा चल रहा था। 13 सितंबर को समाधान दिवस के दौरान दोनों पक्षों को समझाने के लिए पुलिस ने बुलाया, लेकिन वे आपस में भिड़ गए। आरोप है कि इसी दौरान थाने के दरोगा ने एक वकील को मारा-पीटा, जिसमें वह घायल हो गया और उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराना पड़ा।

 

इसी घटना से गुस्साए वकीलों ने मंगलवार को कचहरी में मौजूद दरोगा मिथिलेश प्रजापति को देखा और उन पर हमला कर दिया। दरोगा गो अधिनियम का रिमांड पर्चा लेने कचहरी आए थे। वकीलों ने दरोगा और उनके साथ मौजूद एक सिपाही की भी पिटाई की।

कचहरी में पुलिस की भारी तैनाती

दरोगा की पिटाई की खबर मिलते ही जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, डीआईजी शिवहरि मीणा, डीसीपी काशी जोन प्रमोद कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी कचहरी पहुंचे। उन्होंने जिला जज से मुलाकात की और वकीलों से कोर्ट खाली करने का आग्रह किया गया। फिलहाल कचहरी परिसर में तनाव की स्थिति बनी हुई है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

रिपोर्ट-मदन मुरारी पाठक

Also Read: सूरत में सिर कटी लाश का रहस्य सुलझा, गाली देने पर दोस्त ने ही की थी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.