Varanasi News: वकीलों ने दारोगा और सिपाहियों को जमकर पीटा, कचहरी में भारी पुलिस फोर्स तैनात
पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल, सीसीटीवी में कैद हुई घटना, भारी पुलिस बल तैनात
Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी की कचहरी में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां वकीलों के एक समूह ने बड़ागांव थाने से आए एक दारोगा और उनके साथ मौजूद सिपाहियों की जमकर पिटाई कर दी। इस मारपीट में दारोगा मिथिलेश प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कुछ सिपाही भी चोटिल हुए हैं। यह पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रही है।
जिला कचहरी परिसर मंगलवार को अधिवक्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच किसी बात को लेकर तीखी झड़प हो गई। देखते ही देखते नोकझोंक मारपीट में बदल गई और बड़ागांव थाने में तैनात एक दारोगा गम्भीर रूप से घायल हो गए।
-कचहरी परिसर में बढ़े तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पूरे… pic.twitter.com/k0tCOFWXxD
— Gyanendra Shukla (@gyanu999) September 16, 2025
क्यों हुआ यह हमला?
बताया जा रहा है कि यह हमला एक पुराने विवाद का नतीजा है। कुछ समय पहले एक ज़मीनी विवाद में दारोगा मिथिलेश प्रजापति ने कथित तौर पर एक वकील को हिरासत में लिया था। आरोप है कि इस दौरान दारोगा ने वकील के साथ न सिर्फ बदतमीजी की, बल्कि उनके साथ मारपीट भी की थी। इसी बात से नाराज़ वकीलों ने दारोगा से बदला लेने की ठान ली थी। सोमवार को जब दारोगा एक मुल्ज़िम को लेकर कचहरी पहुँचे, तो वकीलों ने उन्हें देखते ही घेर लिया और पिटाई शुरू कर दी।
मौके पर पहुंचे आला अधिकारी
पिटाई के बाद गंभीर रूप से घायल दारोगा को पहले दीनदयाल अस्पताल और फिर बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही डीआईजी शिवहरी मीणा और डीएम सत्येंद्र कुमार कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुँचे। उन्होंने वकीलों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने की कोशिश की। बनारस बार और सेंट्रल बार के पदाधिकारियों ने भी दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही मामला शांत हो पाया, लेकिन कचहरी परिसर में अभी भी तनाव बना हुआ है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल और पीएसी को तैनात किया गया है। डीआईजी और डीएम ने कहा है कि घटना की जाँच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: भगवान से कहिए वे खुद कुछ करें… सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की खजुराहो में टूटी प्रतिमा बदलने की याचिका

