Varanasi News: वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से मिला जिंदा कारतूस, मचा हड़कंप
Varanasi News: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विमान यात्री के बैग से प्रतिबंधित जिंदा कारतूस बरामद हुआ। यात्री इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट से वाराणसी से कोलकाता जा रहा था। सुरक्षा जांच के दौरान यह कारतूस पकड़ा गया, जिसके बाद यात्री को हिरासत में ले लिया गया और आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया गया।
गहनता से जांच की गई
जौनपुर के मड़ियाहूं निवासी दीपेंद्र शर्मा इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6ई 507 से कोलकाता जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। सामान्य जांच प्रक्रिया के दौरान, सीआईएसएफ के जवानों को उनके बैग में कुछ संदिग्ध वस्तु होने का शक हुआ। जब गहनता से जांच की गई, तो बैग के अंदर से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके तुरंत बाद, जवानों ने यात्री को यात्रा करने से रोक दिया और उसे हिरासत में ले लिया।
एयरपोर्ट टर्मिनल पर शुरुआती कार्रवाई पूरी करने के बाद, यात्री को बाबतपुर चौकी को सौंप दिया गया. कारतूस मिलने की खबर सुनकर कई सुरक्षा एजेंसियां भी मौके पर पहुंचीं और पूछताछ में जुट गईं। पूछताछ के दौरान, दीपेंद्र शर्मा ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में काम करता है, जो बांग्लादेश बॉर्डर पर लगी कंटीली तारों की बाउंड्री वॉल की देखभाल करती है।
बैग में रखकर ले जा रहा था
उसने बताया कि खुदाई के दौरान उसे एक SLR (सेल्फ-लोडिंग राइफल) का जिंदा कारतूस मिला था, जिसे वह गलती से अपने घर ले आया था. घर से कोलकाता जाते समय वह उसे अपने बैग में रखकर ले जा रहा था, और इसी दौरान वह पकड़ा गया। पुलिस ने यात्री को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं इस मामले में कोई और संदिग्ध पहलू तो नहीं है।
रिपोर्टः मदन मुरारी पाठक
Also Read: Lucknow News: डॉ. सुल्तान शाकिर हाशमी का काव्य-संग्रह अक्स-ए-कुरआन का लोकार्पण

