Varanasi News: बड़ागांव के 14 गांवों में लंपी बीमारी का प्रकोप, 38 गायें संक्रमित

Varanasi News: मौसम में उतार-चढ़ाव, बढ़ती नमी और तापमान के चलते वाराणसी के बड़ागांव ब्लॉक में लंपी वायरस का खतरा मंडराने लगा है। ब्लॉक के 14 गांवों में अब तक 38 गायें इस बीमारी से संक्रमित पाई गई हैं। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष सिंह ने बताया कि यह बीमारी केवल गोवंश में होती है और इस बार इसका असर खासतौर पर छोटे उम्र के गोवंश में देखा जा रहा है। उन्होंने पशुपालकों को सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

चकखरावन, खरावन, पचरासी, इटहा, कुड़ी, रतनपुर, बड़ागांव, नेवादा, बरही कला, बलरामपुर, रामपुर और करमपुर समेत 14 गांवों में लंपी के लक्षण वाले मवेशी मिले हैं।

घरेलू नुस्खे और इलाज

पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि पशुपालक यदि अपने पशुओं में लंपी जैसे लक्षण देखें तो तुरंत पशु चिकित्सालय या पशु सेवा केंद्र से संपर्क करें। साथ ही, पशु को 20–25 तुलसी पत्ते, 20 ग्राम अदरक और 100 ग्राम गुड़ मिलाकर खिलाने की सलाह दी गई है। घाव की स्थिति में कपूर और नारियल तेल का लेप लगाने को भी कारगर बताया गया है।

टीकाकरण और सतर्कता

अब तक क्षेत्र में करीब 4,500 गोवंशों का टीकाकरण किया जा चुका है। अधिकारियों ने पशुपालकों से अपील की है कि इस समय अपने गोवंश को खुले में चरने के लिए न छोड़ें। आपात स्थिति में पशुपालक टोल फ्री नंबर 1962 पर संपर्क कर सकते हैं।

स्थानीय प्रशासन का कहना है कि लंपी बीमारी पर नियंत्रण के लिए सतर्कता और समय पर इलाज ही सबसे बड़ा उपाय है

रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक

Also Read: Azamgarh News: सपा विधायक रमाकांत यादव को एक साल का सश्रम कारावास, 18 साल पुराने मामले में कोर्ट का फैसला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.