Varanasi News: बनारस में भी दौड़ेगी मेट्रो, नवंबर में मिलेगा रोप-वे का तोहफ़ा
Varanasi News: बनारसवासियों के लिए खुशखबरी है। नवंबर में जहां रोप-वे की सवारी शुरू होने जा रही है, वहीं आने वाले समय में शहर को मेट्रो ट्रेन की भी सौगात मिलने वाली है। केंद्र और प्रदेश सरकार ने वाराणसी मेट्रो संचालन को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। जिला प्रशासन ने सर्वे की तैयारी शुरू कर दी है और उम्मीद है कि साल के अंत तक इसका काम शुरू हो जाएगा।
क्यों जरूरी हुई मेट्रो?
2014 के बाद से वाराणसी का विस्तार लगातार बढ़ा है। पिंडरा, चोलापुर और चौबेपुर तक नए आवासीय इलाके, कॉलोनियां, औद्योगिक और व्यावसायिक संस्थान तेजी से विकसित हो रहे हैं। रिंग रोड, वाराणसी-प्रयागराज राजमार्ग पर स्पोर्ट्स स्टेडियम, अस्पताल और औद्योगिक इकाइयों की भी नींव रखी जा रही है। साथ ही गंगा पर राजघाट पुल के समानांतर बन रहे सिक्स लेन पुल से पड़ाव और रामनगर जैसे इलाके सीधे शहर से जुड़ जाएंगे।
इन्हीं कारणों से सुगम ट्रैफिक और तेज़ यात्रा के लिए मेट्रो प्रोजेक्ट को जरूरी माना जा रहा है।
इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर की तैयारी
डीएम सत्येंद्र कुमार ने बताया कि वाराणसी कैंट स्टेशन को मल्टी-मॉडल टर्मिनल बनाया जाएगा। यहां से ट्रेन, मेट्रो, रोप-वे और शहर के अंदर चलने वाली एसी बसों को एक-दूसरे से जोड़ा जाएगा। इससे यात्रियों को कहीं भी जाने में परेशानी नहीं होगी और सभी साधन एक ही कॉरिडोर से उपलब्ध होंगे। फिलहाल शहरवासी सबसे पहले रोप-वे का मजा ले पाएंगे। नवंबर में इसका लोकार्पण किया जाएगा। डीएम ने बताया कि पूरी परियोजना एक साथ शुरू होगी, बीच में कोई अलग स्टेशन का उद्घाटन नहीं किया जाएगा। एजेंसी को तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
Also Read: यूपी के मुख्य सचिव एसपी गोयल की हार्ट सर्जरी सफल, जल्द होंगे डिस्चार्ज

