Varanasi News: लापरवाही बर्दाश्त नहीं – निरीक्षण में फूटा आयुष मंत्री का गुस्सा, कटेगा वेतन
Varanasi News: योगी सरकार भले ही चिकित्सा व्यवस्था को प्राथमिकता में रखती हो, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर दिखा रही है। रविवार को प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने अचानक राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय चौकाघाट का औचक निरीक्षण किया, जहां कई चिकित्सक और शिक्षक ड्यूटी से नदारद मिले। यहां तक कि कॉलेज की प्राचार्या भी अपने चैंबर से नदारद थीं।

मंत्री के तल्ख तेवर, अनुपस्थितों का कटेगा वेतन
ओपीडी के कई चैंबर खाली देखकर मंत्री का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अनुपस्थित चिकित्सकों, शिक्षकों और कर्मचारियों का वेतन काटा जाए और सभी को शोकॉज नोटिस जारी किया जाए। साथ ही, यह भी जानकारी मांगी गई कि कौन से डॉक्टर बार-बार अनुपस्थित रहते हैं।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पंचकर्म विभाग, दवा वितरण काउंटर और वार्डों का भी जायजा लिया। उन्होंने मरीजों और तीमारदारों से बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मंत्री ने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्राचार्या आधे घंटे बाद पहुंचीं
निरीक्षण के दौरान जब प्राचार्या के बारे में पूछा गया, तो पता चला कि वे भी अस्पताल में मौजूद नहीं थीं। सूचना दिए जाने के बाद वह करीब आधे घंटे की देरी से पहुंचीं, जिसे लेकर मंत्री ने कड़ा रुख दिखाया।
अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद आयुष मंत्री ने फार्मेसी के निर्माण कार्य और चौबेपुर में बन रहे पंचकर्म सेंटर का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अगले 6 महीने में यह सेंटर तैयार हो जाएगा, जो पूर्वांचल के लोगों को प्राकृतिक वातावरण में आधुनिक पंचकर्म चिकित्सा की सुविधा देगा।

‘जीरो टॉलरेंस’ पर जोर
मंत्री दयालु ने साफ शब्दों में कहा कि योगी सरकार चिकित्सा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने चेतावनी दी कि –”आज की कार्रवाई सिर्फ एक शुरुआत है। अगर सुधार नहीं हुआ तो और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।”
रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक

