Varanasi News: अवैध कॉल सेंटर पर पुलिस का छापा, 30 लोग हिरासत में
Varanasi News: रोहनियां थाना क्षेत्र के अखरी इलाके में पुलिस ने अवैध कॉल सेंटर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 30 लोगों को हिरासत में लिया है। एडीसीपी वरुणा जोन नीतू कात्यान के निर्देशन में की गई इस छापेमारी में दर्जनों कंप्यूटर, लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
कॉल सेंटर साइबर ठगी के लिए
पुलिस के अनुसार, यह कॉल सेंटर साइबर ठगी के लिए संचालित किया जा रहा था। यहां बैठकर लोगों को फोन कर झूठे वादों और स्कीम का लालच देकर उनसे पैसे हड़पने का काम किया जाता था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कॉल सेंटर से देशभर के लोगों को निशाना बनाया जा रहा था।

योजनाओं का झांसा देकर ठगी
एडीसीपी नीतू कात्यान ने बताया कि सूचना मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई। कॉल सेंटर में काम करने वाले युवक-युवतियां अलग-अलग तरीकों से लोन, इन्वेस्टमेंट और अन्य योजनाओं का झांसा देकर ठगी करते थे। फिलहाल पकड़े गए लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है और नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है।
पुलिस का मानना है कि इस गिरोह के तार कई राज्यों से जुड़े हो सकते हैं। बरामद कंप्यूटर और मोबाइल की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी, ताकि ठगी की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉल सेंटर लंबे समय से इलाके में चल रहा था, लेकिन इसकी असलियत किसी को नहीं पता थी। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में बड़ा खुलासा हुआ है।
रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक
Also Read: ‘यह उनके हल्केपन को दर्शाता है’, बृजभूषण शरण सिंह का ओपी राजभर पर बड़ा बयान

