Varanasi News: वाराणसी की प्रज्ञा सिंह का राष्ट्रीय बास्केटबॉल टीम में चयन, गांव में खुशी की लहर
Varanasi News: वाराणसी के बड़ागांव क्षेत्र के पूरारघुनाथपुर गांव में खुशी का माहौल है, क्योंकि गांव की बेटी प्रज्ञा सिंह का चयन राष्ट्रीय बास्केटबॉल टीम के लिए हुआ है। प्रज्ञा अब 75वीं जूनियर राष्ट्रीय महिला बास्केटबॉल चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह चैंपियनशिप 2 सितंबर से 9 सितंबर तक लुधियाना, पंजाब में आयोजित होगी।
प्रज्ञा की इस उपलब्धि पर उनके गांव और परिवार में जश्न मनाया जा रहा है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
एकलव्य स्टेडियम की खिलाड़ी
प्रज्ञा सिंह आगरा के एकलव्य स्टेडियम की खिलाड़ी हैं और इससे पहले भी वह अंडर-17 राष्ट्रीय और यूथ राष्ट्रीय टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। प्रज्ञा ने इस सफलता का श्रेय अपने दादा और परिवार को दिया। उनके दादा राजेश कुमार सिंह ओबरा थाने में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं।
प्रज्ञा ने कहा कि उनके दादा का सपना था कि वह देश के लिए खेलें, और अब उस सपने को पूरा करने का वक्त आ गया है। उन्होंने अपने माता-पिता और छोटे बाबा (रमेश कुमार सिंह) के विशेष सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
प्रज्ञा की मेहनत का नतीजा
आगरा बास्केटबॉल एसोसिएशन के महासचिव डॉ. हरि सिंह और उनके कोच श्यामवीर सिंह, प्रीति सिंह व मनीष सिंह ने प्रज्ञा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह भारतीय टीम में शानदार प्रदर्शन करेंगी। एकलव्य स्टेडियम के क्रीड़ाधिकारी संजय शर्मा ने भी प्रज्ञा की मेहनत और लगन की तारीफ की।
प्रज्ञा की इस सफलता से न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे गांव में गर्व का माहौल है, जो उनके भविष्य के लिए एक नई उम्मीद जगा रही है।
रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक
Also Read: Lucknow News: लखनऊ में डायरिया का कहर, खुद मैदान में उतरे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक

