Varanasi News: नशेबाज युवकों के खिलाफ आवाज उठाना पड़ा महंगा, महिला घायल
Varanasi News: जिले की पांडेयपुर चौकी क्षेत्र में दबंगई और नशेबाजी का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि स्थानीय लोग भय के साये में जीने को मजबूर हैं। जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार के घर के बाहर रोजाना दर्जनों युवक जुटकर नशाखोरी करते हैं और मोटरसाइकिल (बुलेट) की तेज आवाज के साथ गाली-गलौज कर माहौल बिगाड़ते हैं।
पीड़ित परिवार ने जब इस पर आपत्ति जताई तो युवकों ने मिलकर पूरे परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया गया और पीड़ित परिवार की एक लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज कराने के बाद परिजन थाने पहुंचे और तहरीर दी।
चौकी प्रभारी ने कहा सुबह आना
पीड़ितों का आरोप है कि चौकी प्रभारी ने गंभीर मामले को नज़रअंदाज़ करते हुए तत्काल कार्रवाई करने के बजाय सुबह आने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया। अगले दिन भी कार्रवाई में लापरवाही बरती गई और पीड़ित पक्ष को ही घंटों चौकी में बैठाए रखा गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में मनबढ़ युवकों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोग भयभीत हैं। वहीं, पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।
Also Read: बलरामपुर दौरे पर प्रभारी मंत्री राकेश सचान, बोले- जीएसटी राहत से जनता और व्यापारी दोनों खुश

