Varanasi News: नवरात्रि के रंग में डूबा राजेश्वरी महिला महाविद्यालय, डांडिया नृत्य ने मोहा मन

Varanasi News: हरहुआ स्थित राजेश्वरी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में नवरात्रि के पावन अवसर पर छात्राओं ने डांडिया नृत्य का भव्य आयोजन किया। इस मौके पर पूरा परिसर भक्तिरस से सराबोर हो उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं प्रबंध निदेशक साहित्यकार डॉ. राघवेन्द्र नारायण सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नवरात्रि सनातन धर्म में शक्ति की उपासना का प्रतीक है। शक्ति न तो किसी धर्म, जाति या वर्ण तक सीमित है और न ही किसी बंधन में बंधी है, बल्कि वह समस्त सृष्टि के कण-कण में व्याप्त है। डांडिया नृत्य इसी शक्ति की आराधना का प्रतीक है।

छात्राओं ने मनमोहक डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया

छात्राओं ने देवी गीत और भजनों के साथ मनमोहक डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया। स्नातक पंचम सेमेस्टर की रिया, त्रिषा, दिव्या और परास्नातक की कात्यायनी, शिखा, श्वेता, स्वाती व स्नेहा ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं और शिक्षकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में प्रो. इकबाल अहमद, प्रीति राय, शालू गिरि, सरोजा देवी, डी.के. तिवारी, ज्योति गुप्ता, अविनाश मौर्य, संदीप सिंह, शालिनी कन्नौजिया और ज्योति सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रिया सिंह ने किया और उपनिदेशक अंशुमान सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक 

 

Also Read: Varanasi News: काशी में जल्द बनेगा आयुर्वेद का एम्स, होमियोपैथिक कॉलेज का हुआ शिलान्यास

Get real time updates directly on you device, subscribe now.