Varanasi News: वाराणसी में बनेगा 200 एकड़ में खूंखार कुत्तों का शेल्टर होम, आतंक से मिलेगा छुटकारा

Varanasi News: बहुत जल्द वाराणसी के लोगों को आवारा और खूंखार कुत्तों के आतंक से छुटकारा मिलने वाला है। सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद, वाराणसी नगर निगम ने एक बड़ा कदम उठाया है। शहर में 200 एकड़ जमीन पर एक विशाल शेल्टर होम बनाया जाएगा, जहां 2000 खूंखार कुत्तों को एक साथ रखा जा सकेगा।

वाराणसी नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि नगर निगम ने आक्रामक कुत्तों के लिए एक विशाल शेल्टर होम बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए शहर के बाहर 200 एकड़ जमीन की तलाश की जा रही है। इस शेल्टर होम में 2000 कुत्तों को रखने की व्यवस्था होगी। इसके लिए रामनगर और फुलवरिया पिसौर में जमीन देखी गई है।

नसबंदी और टीकाकरण का अभियान भी शुरू

नगर निगम अगले महीने से आवारा कुत्तों की नसबंदी (Animal Birth Control – ABC) और टीकाकरण का अभियान भी शुरू करने जा रहा है। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को 70% आवारा कुत्तों की नसबंदी और एंटी-रेबीज टीकाकरण करने का निर्देश दिया है। इसके लिए 1.82 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक एबीसी सेंटर बनाया गया है, जहां कुत्तों के इलाज की भी पूरी व्यवस्था है।

इस सेंटर में हर महीने 900 से ज्यादा कुत्तों की नसबंदी की जा सकेगी। अगर आपके इलाके में भी आवारा कुत्तों का आतंक है, तो आप नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर 1533 पर शिकायत कर सकते हैं. निगम कुत्तों को पकड़ने का अभियान भी शुरू करेगा।

एबीसी सेंटर की खासियत

नया एबीसी सेंटर एक एकड़ जमीन पर बना है। इसमें पांच कमरे, दो किचन, दो शौचालय, ड्रेसिंग रूम और अन्य सुविधाएं हैं। यहां कुत्तों के इलाज के लिए पैथोलॉजी और एक्स-रे की सुविधा भी है। सेंटर में एक साथ 100 से ज्यादा कुत्तों को रखने की व्यवस्था है और खूंखार कुत्तों के लिए खास पिंजरे भी बनाए गए हैं। कुल मिलाकर, यह सेंटर आवारा और खतरनाक कुत्तों को नियंत्रित करने में बहुत मददगार साबित होगा।

रिपोर्ट- विशाल मौर्या

Also Read: Kanpur News: जिलाधिकारी के हस्तक्षेप से 14 पीड़ित महिलाओं को मिली 54 लाख की मदद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.