Varanasi News: सपा सांसद वीरेंद्र सिंह फिर बैठे धरने पर, पुलिस पर लगाया ‘गुंडागर्दी’ का आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी जिले के दालमंडी सड़क चौड़ीकरण के विरोध में व्यापारियों से मिलने जा रहे चंदौली के समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद वीरेंद्र सिंह को पुलिस ने सोमवार (10 नवंबर 2025) को उनके आवास के बाहर एक बार फिर रोक लिया। लगातार दूसरी बार रोके जाने से नाराज़ सांसद ने प्रशासन पर “गुंडागर्दी” का सीधा आरोप लगाते हुए टैगोर टाउन कॉलोनी में ही सैकड़ों समर्थकों के साथ धरना शुरू कर दिया।
सांसद वीरेंद्र सिंह के साथ पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल सहित कई अन्य सपा नेता और कार्यकर्ता धरने में शामिल हुए और जमकर नारेबाजी की।
प्रशासन ने दूसरी बार रोका, सांसद ने जताई नाराज़गी
राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर 6 नवंबर को भी सांसद को देव दीपावली और वीवीआईपी मूवमेंट का हवाला देकर रोका गया था। उस समय सांसद ने चेतावनी दी थी कि 10 नवंबर तक कोई तोड़फोड़ नहीं होनी चाहिए। सांसद के अनुसार, उनकी बात को अनसुना कर दिया गया और पुलिस बल की मौजूदगी में दालमंडी में तोड़फोड़ जारी रही।
सोमवार दोपहर करीब 2 बजे सांसद जब अपने आवास से केवल 5 लोगों के साथ निकलने लगे, तो टैगोर टाउन कॉलोनी के गेट पर एडीएम सिटी आलोक वर्मा, डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार समेत भारी पुलिस बल और अधिकारी मौजूद थे, जिन्होंने उन्हें आगे जाने से रोक दिया।
सांसद का सीधा आरोप और चेतावनी
धरने पर बैठे सांसद वीरेंद्र सिंह ने इस प्रशासनिक कार्रवाई को लोकतंत्र में आवाज़ दबाने की कोशिश बताया। उन्होंने कहा “व्यापारी बार-बार बुला रहे हैं। प्रशासन को भीड़ का डर है तो 5 लोगों की अनुमति दे दे, लेकिन जिला प्रशासन हमारी कारस्तानियां नहीं देखना चाहता, इसलिए बार-बार रोक रहा है। यह सरासर गुंडागर्दी है। हम व्यापारियों की समस्या का मुद्दा संसद में उठाएंगे।”
दालमंडी में जारी है तोड़फोड़
दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के नाम पर पिछले कई दिनों से दुकानों और मकानों पर बुलडोजर चल रहा है। व्यापारियों का कहना है कि उन्हें उचित मुआवजा और पुनर्वास की कोई व्यवस्था नहीं दी गई है। सपा इस मुद्दे को लगातार प्रशासनिक उत्पीड़न और भ्रष्टाचार का मुद्दा बनाकर विरोध कर रही है। फिलहाल, सांसद का धरना जारी है और पुलिस-प्रशासन मौके पर मौजूद है।
Also Read: बलरामपुर: अवैध अस्पताल में प्रसूता की मौत, महिला सर्जन डॉ. मेधावी पर मुकदमा दर्ज

