Varanasi News: भारत-मॉरीशस संबंधों की प्रगाढ़ता के लिए काशी में हुई विशेष प्रार्थना
Varanasi News: काशी विश्वनाथ धाम में बुधवार को विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। यह आयोजन भारत और मॉरीशस के बीच मजबूत होते संबंधों तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम के बीच होने वाली प्रस्तावित द्विपक्षीय वार्ता की सफलता की कामना के लिए किया गया।
भारत माता से आशीर्वाद की प्रार्थना
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक और नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के नेतृत्व में वेदपाठी बटुकों ने धाम परिसर में स्वस्तिवाचन के साथ दोनों प्रधानमंत्रियों का अभिवादन किया। इस दौरान भारत और मॉरीशस के राष्ट्रध्वज एवं दोनों नेताओं की तस्वीरें भी साथ रखी गईं।
आयोजन में माता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा के समक्ष श्रद्धांजलि अर्पित की गई और भारत माता के समक्ष दोनों देशों के संबंधों की उन्नति के लिए प्रार्थना की गई।
काशी से वैश्विक संदेश
राजेश शुक्ला ने कहा कि काशी में होने वाली द्विपक्षीय वार्ता भारत और मॉरीशस के बीच आर्थिक, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को नई दिशा देगी। उन्होंने कहा कि इतिहास, भाषा, संस्कृति और साझा मूल्यों के कारण दोनों देशों के संबंध अद्वितीय हैं और वैश्विक चुनौतियों के बीच यह रिश्ता और मजबूत होना चाहिए।
पूरे परिसर में द्वादश ज्योतिर्लिंगों के गुणगान और “भारत माता की जय” के नारों से माहौल गूंज उठा। इस मौके पर महर्षि योगी वेद विज्ञान अध्ययन पीठ के बटुक, श्री सुवर्णा बाबा, अजीत पाठक और कई गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- संतोष पांडेय
Also Read: Bareilly News: दुष्कर्म के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, तमंचे और कार बरामद

