Varanasi News: कुणाल गोंड हत्याकांड को लेकर सपा का जोरदार प्रदर्शन
Varanasi News: चोलापुर क्षेत्र के तेवर गांव में एक महीने पहले हुई कुणाल गोंड की हत्या को लेकर सियासत तेज हो गई है। सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) ने वाराणसी जिला मुख्यालय का घेराव किया। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर आरोप लगाया कि मंत्री और विधायक की शह पर हत्यारों को बचाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही पुलिस कमिश्नर को वाराणसी से हटाने की मांग उठाई।
सपा नेताओं का आरोप – पीएम के संसदीय क्षेत्र में बढ़ रहा अपराध
सपा अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री व्यासजी गोंड ने कहा, “प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में लगातार हत्याएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस अपराधियों को पकड़ने में नाकाम है।” सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव और व्यासजी गोंड के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता और तेवर गांव के लोग सपा कार्यालय से जुलूस निकालकर जिला मुख्यालय पहुंचे।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “कुणाल के हत्यारों को फांसी दो”, “हत्यारों को गिरफ्तार करो” जैसे नारे लगाए और प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
रिपोर्टः विशाल मौर्य
Also Read: Lucknow News: लोक बंधु अस्पताल में रक्तदान शिविर का सफल आयोजन, 70 यूनिट रक्त एकत्र

