Varanasi News: वाराणसी में चोरों ने सेंध लगाकर नकदी व आभूषण पार किए, पु्लिस जांच में जुटी

Varanasi News: वाराणसी के कपसेठी थाना क्षेत्र के सरावा गांव में एक दुस्साहसिक चोरी की घटना सामने आई है, जहाँ चोरों ने एक दूध-छेना व्यवसायी के घर में सेंध लगाकर लाखों रुपये की नकदी और गहनों पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और पुलिस के प्रति आक्रोश का माहौल है।

चोर दो बक्सों को उठा ले गए

सरावा गांव के रहने वाले व्यवसायी शिवसागर पाल उर्फ बंटी अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब 12 बजे जब उनकी बेटी गुड़िया, जो 12वीं की छात्रा है, पढ़ाई कर रही थी, उसी के कमरे में चोरों ने दो जगहों से दीवार तोड़कर घर में सेंध लगाई। चोर कमरे में रखे दो बक्सों को उठा ले गए। परिवार को चोरी का पता सुबह तब चला, जब बेटा विशाल अपनी बहन को जगाने गया। गुड़िया ने दरवाजा खोला तो उसने देखा कि कमरे की दीवार टूटी हुई है और बक्से गायब हैं। इसके बाद, शिवसागर पाल ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

लाखों की नकदी और गहनों पर हाथ साफ

पीड़ित शिवसागर पाल ने पुलिस को बताया कि चोर एक बक्से में रखे 12 लाख रुपये नकद और कपड़े ले गए, जो उन्होंने मकान बनवाने के लिए रखे थे। दूसरे बक्से में 8 लाख रुपये के आभूषण थे, जिनमें सोने के चार कंगन, चार चेन, दो झुमके, तीन अंगूठी, एक हाफ करधनी, एक फूल करधनी और तीन पैजनी शामिल थी। चोरों ने दोनों बक्सों को घर से करीब 500 मीटर दूर ले जाकर तोड़ दिया और सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस ने टूटे हुए बक्सों को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।

थानाध्यक्ष सधुवन राम गौतम ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। इस घटना से व्यवसायी का परिवार सदमे में है, जबकि स्थानीय लोग पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

Also Read: Lucknow News: शुभांशु शुक्ला से मिले पीयूष, बोले- सहपाठी पर आज हर कोई गर्व महसूस कर रहा है

Get real time updates directly on you device, subscribe now.