Varanasi News: यूपी की पर्यटक बसों से दोहरी टैक्स वसूली का विरोध, वाराणसी में ट्रांसपोर्टर्स का प्रदर्शन

Varanasi News: बिहार और मध्य प्रदेश सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश से रजिस्टर्ड पर्यटक बसों से हो रही दोहरी टैक्स वसूली के विरोध में शनिवार को वाराणसी में जोरदार प्रदर्शन हुआ। बनारस टूरिस्ट ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (BTTA) और बनारस टूरिज्म एसोसिएशन के बैनर तले बड़ी संख्या में पर्यटक वाहन मालिक और चालक प्रधानमंत्री जनसंपर्क कार्यालय के बाहर जमा हुए और नारेबाजी की। हालांकि, पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को रास्ते में ही रोक दिया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पड़ोसी राज्यों की सरकारें यूपी से जाने वाली टूरिस्ट बसों से अवैध तरीके से दोहरी टैक्स वसूली कर रही हैं। इससे पर्यटक बसों का किराया बढ़ रहा है, जिसका सीधा असर पर्यटन उद्योग पर पड़ रहा है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि यह अवैध वसूली वाराणसी समेत पूरे उत्तर प्रदेश के पर्यटन को नुकसान पहुंचा रही है।

एसोसिएशन की 3 प्रमुख मांगें

  • प्रदर्शन कर रहे संगठनों ने अपनी तीन मुख्य मांगें सामने रखीं:
  • यूपी की टूरिस्ट बसों से की जा रही दोहरी टैक्स वसूली तुरंत बंद की जाए।
  • पर्यटन और परिवहन क्षेत्र में होने वाली अवैध वसूली पर रोक लगे।
  • केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी इस मामले में हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराएं।

पूरे देश में समान टैक्स नीति की मांग

टूरिज्म एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पर्यटन को बढ़ावा देने की बात होती है, लेकिन पड़ोसी राज्यों की मनमानी से ये सारे प्रयास कमजोर हो रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि पूरे देश में टूरिस्ट वाहनों के लिए एक समान टैक्स नीति लागू की जाए। उनका मानना है कि ऐसा होने से पर्यटन उद्योग को मजबूती मिलेगी और सैलानियों के लिए यात्रा आसान हो जाएगी।

रिपोर्ट- विशाल मौर्या

Also Read: Varanasi News: वाराणसी में बनेगा 200 एकड़ में खूंखार कुत्तों का शेल्टर होम, आतंक से मिलेगा छुटकारा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.