Varanasi News: यूपी में अनोखी शादी: पति ने 25 साल की शादी तोड़कर पत्नी की शादी उसके प्रेमी से कराई

Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक पति ने अपनी 25 साल की शादी को समाप्त कर पत्नी की शादी उसके प्रेमी के साथ करा दी। यह अनोखी शादी वाराणसी के बीरभानपुर मोहन सराय स्थित एक मंदिर में विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय छेड़ दिया है।

पति को हुआ शक, जासूसी में सामने आया सच

मिर्जापुर के अहिरौरा निवासी अरविंद कुमार पटेल और चंदौली के दुल्हीपुर की रीना देवी की शादी 25 साल पहले हुई थी। उनके दो बच्चे भी हैं, जिनमें से एक बेटी शादीशुदा है और बेटा 18 साल का है। कुछ समय से पति-पत्नी के बीच मनमुटाव चल रहा था, जिसके चलते रीना अपने पति से अलग होकर चंदौली के हमीदपुर में किराए के मकान में रहने लगी थीं।

अरविंद को अपनी पत्नी पर शक हुआ तो उन्होंने उसकी जासूसी शुरू कर दी। जासूसी के दौरान उन्हें पता चला कि रीना का 50 वर्षीय सियाराम यादव के साथ प्रेम संबंध है। एक दिन अरविंद ने रीना और सियाराम को एक कमरे में रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद अरविंद ने अपने परिवार और दोस्तों को बुलाकर दोनों की शादी कराने का फैसला किया।

पुलिस की मौजूदगी में बनी सहमति

जब इस मामले की जानकारी पुलिस को मिली, तो दोनों पक्षों को चौकी पर बुलाया गया। वहाँ दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से यह निर्णय लिया कि रीना और सियाराम की शादी करा दी जाए। इसके बाद वाराणसी के मंदिर में अरविंद और सियाराम के परिजनों की मौजूदगी में पंडित ने मंत्रोच्चार के साथ शादी की रस्में पूरी करवाईं। रीना और सियाराम ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और सिंदूर दान की रस्म भी पूरी की गई। मंदिर की ओर से उन्हें शादी का प्रमाण पत्र भी जारी किया गया।

सकारात्मक समाधान

रीना देवी ने बताया कि वह सियाराम को पिछले 20 साल से जानती हैं। वहीं, सियाराम ने बताया कि उन्होंने रीना के घर के पास ही एक दुकान खोली थी, तभी से उनका रीना के घर आना-जाना था। रीना के पति अरविंद ने कहा कि जब दोनों के बीच प्रेम संबंध था, तो उन्होंने दोनों की शादी करा देना ही उचित समझा। यह घटना एक असामान्य पारिवारिक विवाद का शांतिपूर्ण और सकारात्मक समाधान मानी जा रही है।

Also Read: ट्रेन में हवाई जहाज जैसा लगेज नियम,ज्यादा सामान पर लगेगा जुर्माना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.