Varanasi News: अपेक्स हॉस्पिटल में मरीज़ की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

Varanasi News: राजातालाब थाना क्षेत्र के रमशीपुर गांव के रहने वाले 35 वर्षीय प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक सुजीत कुमार वर्मा की भिखारीपुर स्थित अपेक्स हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत के बाद, गुस्साए परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही और इलाज में अधिक पैसे वसूलने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

क्या है मामला?

दो दिन पहले सुजीत कुमार वर्मा एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। उनके हाथ में गंभीर संक्रमण होने के बाद उन्हें अपेक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जिससे नाराज परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया।

सूचना मिलने पर चितईपुर के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन परिजन शांत नहीं हुए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सुजीत के शव को भिखारीपुर-चितईपुर मुख्य मार्ग पर रखकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

सड़क जाम और पुलिस का हस्तक्षेप

धरने के कारण मुख्य मार्ग पूरी तरह जाम हो गया। इसके बाद, एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। हालांकि, परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सुजीत कुमार वर्मा की मौत से उनके परिवार में मातम छा गया है। उनकी एक 5 साल की बेटी भी है।

रिपोर्ट: मदन मुरारी पाठक

 

Also Read: PM मोदी का पांच राज्यों का दौरा आज से शुरू, हजारों करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.