Varanasi News: एक लाख का इनामी विक्की गिरफ्तार, पांच लोगों की हत्या के बाद हुआ था फरार

Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी के वाराणसी में पुलिस ने पांच लोगों की हत्यारोपी और एक लाख के इनामी बदमाश विशाल गुप्ता उर्फ विक्की को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

बता दें कि बीते वर्ष पांच लोगों के सामूहिक हत्याकांड मामले में भेलुपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हत्या के आरोपी एक लाख के इनामी विशाल गुप्ता उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया गया है। विशाल पर अपने चाचा समेत परिवार के पांच लोगों की हत्या का आरोप है।

भेलूपुर थाना क्षेत्र के भदैनी के रहने वाले राजेंद्र प्रसाद गुप्ता की पत्नी नीतू, बेटी और दो बेटों का शव 5 नवंबर 2024 की सुबह उनके घर से बरामद किया गया था। चारों की गोली मार कर हत्या की गई थी। इसके अलावा राजेन्द्र की भी गोली मारकर हत्या की गई थी। राजेंद्र का शव रोहनिया थाना क्षेत्र के मीरापुर रामपुर स्थित उसके निर्माणाधीन मकान में बरामद किया गया था।

पुलिस कर रही थी विक्की की तलाश

इसके बाद जांच के बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची कि अपने मां-बाप की हत्या का बदला लेने के लिए विक्की ने पूरे परिवार को खत्म कर दिया। विक्की के मां-बाप की हत्या का आरोप राजेंद्र पर था। तमाम प्रयास के बाद पुलिस को विक्की को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।

बता दें कि पुलिस ने विशाल गुप्ता के फरार होने के कारण उसके खिलाफ कोर्ट से कुर्की की कार्रवाई के लिए आदेश लेकर मारे गए राजेंद्र गुप्ता के घर पर कुर्की की नोटिस चस्पा कर दी थी। इसके अलावा, मोहल्ले में डुगडुगी भी पिटवाई गई थी, जिससे पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़ा हुआ था। वहीं घटना के बाद पीड़ित परिवार की अकेली बची राजेंद्र गुप्ता की बुजुर्ग मां शारदा देवी ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाते हुए निवेदन किया था कि पुलिस उनके मकान की कुर्की की कार्रवाई को रोकने के निर्देश दे।

Also Read: ‘चुनाव आयोग मर गया है, सफेद कपड़ा भेंट करना होगा’, अखिलेश यादव का बड़ा…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.