Varanasi News: पंचायत भवन निर्माण को लेकर ग्राम प्रधान और मंदिर महंत आमने -सामने
Varanasi News: पिंडरा ब्लॉक के पिंडरा बाजार में बन रहे पंचायत भवन के निर्माण को लेकर सोमवार को एक नया विवाद खड़ा हो गया। पंचायत भवन के पास सेफ्टी टैंक खोदे जाने को लेकर संतोषी माता मंदिर के महंत और ग्राम प्रधान आमने-सामने आ गए।
मंदिर के महंत ने किया विरोध
जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान कमलेश सोनकर की ओर से पंचायत भवन के पास सेफ्टी टैंक के लिए गड्ढा खुदवाया जा रहा था। जैसे ही इस बात की जानकारी मंदिर के महंत अच्युत ब्रह्मचारी को मिली, उन्होंने तुरंत इसका कड़ा विरोध किया। मौके पर ग्राम प्रधान कमलेश सोनकर और कृष्ण कुमार गुप्ता भी पहुंचे, जिसके बाद बहस शुरू हो गई।
महंत अच्युत ब्रह्मचारी का आरोप है कि चार दिनों से गड्ढा खोदा जा रहा था, लेकिन किसी को इसकी सूचना नहीं दी गई। जब विरोध हुआ, तब आनन-फानन में गड्ढे को मिट्टी डालकर बंद किया गया।
पीपल के पेड़ के पास नहीं बनने देंगे सेफ्टी टैंक
मीडिया से बात करते हुए महंत ने कहा कि मंदिर के पास एक पीपल का पवित्र पेड़ है और किसी भी कीमत पर उसके पास सेफ्टी टैंक नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर भविष्य में ऐसा कोई प्रयास किया गया तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।
इस पूरे मामले पर स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर और पंचायत भवन दोनों ही महत्वपूर्ण स्थान हैं और ऐसे में निर्माण कार्य पूरी संवेदनशीलता के साथ होना चाहिए, ताकि लोगों की आस्था को ठेस न पहुंचे और कोई विवाद पैदा न हो।
रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक
Also Read: ‘बिहार में नाम जोड़ने से ज़्यादा हटाने के आ रहे हैं आवेदन’, SC में चुनाव आयोग का बड़ा खुलासा

