Varanasi News: सदर तहसील की घटना के विरोध में पिंडरा के वकीलों का प्रदर्शन, SDM को सौंपा ज्ञापन
Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी सदर तहसील में एक वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर अधिवक्ताओं में रोष है।
शुक्रवार को पिंडरा तहसील बार एसोसिएशन के वकीलों ने इस घटना के विरोध में प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी (एसडीएम) पिंडरा को सौंपा। ज्ञापन में आरोपित लेखपाल की गिरफ्तारी व तत्काल निलंबन की मांग की गई।
आपात बैठक में जताया आक्रोश
शुक्रवार को सुबह 11 बजे बार एसोसिएशन की एक आपात बैठक लाइब्रेरी भवन में आयोजित की गई, जिसमें वकीलों ने एक स्वर में सदर तहसील में अधिवक्ता पर हुए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की।
बैठक में वक्ताओं ने इसे कानून व्यवस्था और वकीलों की गरिमा पर हमला बताया।
न्यायिक कार्य से वकील रहे विरत
घटना के विरोध में पिंडरा तहसील के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया और तहसील परिसर में विरोध जताया।
एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
वकीलों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा को सौंपते हुए घटना की निष्पक्ष जांच, दोषी लेखपाल की गिरफ्तारी और तत्काल निलंबन की मांग रखी।
ज्ञापन सौंपने वालों में शामिल रहे
बार अध्यक्ष कृपाशंकर पटेल, महामंत्री सुधीर कुमार सिंह, पूर्व अध्यक्ष शिवपूजन सिंह, जवाहरलाल वर्मा, पंधारी यादव, कमला प्रसाद मिश्रा, प्रितराज माथुर, रामभरत यादव, श्यामसुंदर वर्मा, आशुतोष सिंह, अंकित मिश्रा, दीपक सैनी, अजय गुप्ता, नवीन सिंह और सतीश पांडेय समेत कई अधिवक्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक

