Varanasi News: SIR पर सियासी घमासान, कांग्रेस ने फार्म-6 और 7 के दुरुपयोग का आरोप लगाया
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.
Trending
Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस पार्टी ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) के द्वितीय चरण में कथित गड़बड़ियों को लेकर प्रशासन के सामने आपत्ति दर्ज कराई है।
महानगर (वाराणसी) अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए फार्म-6 और फार्म-7 के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
कांग्रेस का कहना है कि SIR के दूसरे चरण में सत्ता के दबाव में फार्म-7 के जरिए बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं।
राघवेंद्र चौबे ने आरोप लगाया कि संशोधन के नाम पर खासतौर पर मुस्लिम समुदाय और गैर-भाजपा समर्थक मतदाताओं के नाम हटाने की रणनीति अपनाई जा रही है।
उन्होंने दावा किया कि बूथ लेवल ऑफिसरों (BLO) पर दबाव बनाकर यह प्रक्रिया कराई जा रही है, जिसके कई मामले सामने आए हैं।
ज्ञापन में कांग्रेस ने तीन प्रमुख बिंदु उठाए। पहला, आरोप है कि प्रिंटेड फार्म-7 के जरिए मुस्लिम बहुल इलाकों और गैर-भाजपा वोटरों के नाम कटवाए जा रहे हैं।
दूसरा, पार्टी का कहना है कि वाराणसी में अभी तक फार्म-6 और फार्म-7 की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है, ऐसे में आज समाप्त हो रही समय-सीमा को कम से कम एक महीने के लिए बढ़ाया जाना चाहिए।
तीसरा, कांग्रेस का आरोप है कि कई बूथों पर बीएलओ मतदाताओं को संतोषजनक जानकारी नहीं दे पा रहे हैं, जिससे भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर भी निशाना साधा। राघवेंद्र चौबे ने कहा कि शहर उत्तरी के विधायक रविंद्र जायसवाल द्वारा हाल ही में की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस दरअसल मीडिया में बने रहने की कोशिश है और उसमें उन्होंने अनजाने में ही अपनी ही सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए।
कांग्रेस का दावा है कि भाजपा नेताओं को 2027 के विधानसभा चुनाव में हार का डर सता रहा है, इसलिए इस तरह की गतिविधियां सामने आ रही हैं।
फिलहाल, कांग्रेस ने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच, मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया में पारदर्शिता और समय-सीमा बढ़ाने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि यदि शिकायतों का समाधान नहीं हुआ तो आगे आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
Also Read: उन्नाव: गंगाघाट पुलिस ने किया चोरी का खुलासा, नकदी और जेवरात के साथ 3 शातिर चोर गिरफ्तार
Get real time updates directly on you device, subscribe now.