Varanasi News: CDO हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में हुई योजनाओं की समीक्षा बैठक, 9 करोड़ से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत
Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के “पर ड्रॉप मोर क्रॉप” उपघटक, और एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना की जिला स्तरीय समितियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला उद्यान अधिकारी सुभाष कुमार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की योजनाओं का पीपीटी प्रेजेंटेशन दिया और लक्ष्यों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि औद्यानिक फसलों के क्लस्टर आधारित क्षेत्र विस्तार कार्यक्रम को बढ़ावा देने और उनके निर्यात की संभावनाओं पर विशेष रूप से कार्य किया जाएगा।
CDO ने दिए कई अहम निर्देश:
-
औद्यानिक फसलों की मांग को देखते हुए निदेशालय से अतिरिक्त लक्ष्य की मांग करने का सुझाव।
-
विकासखंड पिंडरा के गजोखर वेटलैंड क्षेत्र में सिंघाड़ा और मखाना की खेती की परियोजना पर भी हुई चर्चा।
-
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत मिनी स्प्रिंकलर, ड्रिप व पोर्टेबल स्प्रिंकलर से अधिक से अधिक क्षेत्र को लाभांवित करने के निर्देश।
-
सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत अचार, मुरब्बा, करौंदा कैंडी और जीआई टैग प्राप्त उत्पादों पर आधारित स्थानीय प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना का प्रस्ताव।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि इन योजनाओं का वृहद प्रचार-प्रसार ज़रूरी है। इसके लिए सफल किसानों की कहानियों को अखबारों और मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुँचाया जाए।
साथ ही, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
योजनाओं को मिली वित्तीय स्वीकृति:
-
₹1.36 करोड़ – एकीकृत बागवानी विकास मिशन
-
₹7.65 करोड़ – प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना
CDO ने निर्देश दिए कि कृषि विभाग के एटीएम और बीटीएम कर्मचारी सिंचाई योजनाओं के लक्ष्यों को समय पर पूर्ण कराएं।
बैठक में प्रमुख अधिकारी रहे मौजूद
उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल, उप निदेशक उद्यान दिग्विजय भार्गव, जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह, मुख्य कोषाधिकारी गोविन्द सिंह, उपायुक्त स्वत: रोजगार पवन सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक

