वाराणसी: एस.आर. प्लेटिनम स्कूल में तुलसी पूजन और क्रिसमस की धूम, बाल मेले में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
वाराणसी: हरहुआ स्थित एस.आर. प्लेटिनम स्कूल, एस.आर. कॉन्वेंट और राजेश्वरी बालिका इंटर कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में तुलसी पूजन एवं क्रिसमस डे का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित बाल मेले में छात्रों ने अपनी रचनात्मकता और उद्यमिता का शानदार प्रदर्शन किया।
सांस्कृतिक और वैज्ञानिक मूल्यों का संगम
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक कौशलेन्द्र नारायण सिंह ने फीता काटकर और तुलसी पूजन के साथ किया। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि तुलसी न केवल भारतीय परंपरा की प्रतीक है, बल्कि वैज्ञानिक दृष्टि से भी इसका अत्यंत महत्व है। उन्होंने छात्रों से राष्ट्र का सजग प्रहरी बनकर देश सेवा करने का आह्वान किया। साथ ही, प्रभु ईसा मसीह के मानवतावादी संदेशों को जीवन में उतारने की प्रेरणा दी।
बाल मेले में बिखरी प्रतिभा की छटा
विद्यालय सभागार में आयोजित बाल मेले में कक्षा 6 की तृषा पाठक, कक्षा 7 की शहनाज़ खान और कक्षा 9 की महिमा जायसवाल ने अपने वैज्ञानिक मॉडल्स की जानकारी दी। मेले में छात्रों द्वारा लगाए गए व्यंजनों के स्टॉल्स आकर्षण का केंद्र रहे, जहाँ लोगों ने चाट-पकौड़ा, पानी-पूरी और नींबू चाय का लुत्फ उठाया।
खेलकूद और सेंटा का उत्साह
क्रिमस के उपलक्ष्य में छात्र ‘सेंटा क्लॉज’ के रूप में नजर आए और बच्चों के बीच टॉफियां बांटीं। विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं ने बच्चों के उत्साह को दोगुना कर दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य शेर बहादुर विश्वकर्मा ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। कार्यक्रम का सफल संचालन अशोक सिंह द्वारा किया गया।
रिपोर्ट: एम.एम. पाठक

