Varanasi News: वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आगाज़, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक बोले- ‘खेलो इंडिया से मिल रहा लाभ’
Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में काशी (वाराणसी) में आयोजित 72वीं सीनियर राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ।
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच खेला गया, जिसमें यूपी ने बिहार को तीन सीधे सेटों में हराकर विजयी शुरुआत की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ यूपी वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मैच के दौरान मौजूद रहे।
इस अवसर पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश में यह प्रतिष्ठित आयोजन 43 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद हो रहा है।
उन्होंने बताया कि इस चैंपियनशिप के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी चुने जाएंगे, जो आगे चलकर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

खेलो इंडिया से बदला खेल का माहौल
ब्रजेश पाठक ने कहा कि काशी के सांसद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से काशी और पूरे पूर्वांचल में खेल का माहौल पूरी तरह बदल चुका है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के ‘खेलो इंडिया’ कार्यक्रम से खिलाड़ियों को बड़ा लाभ मिला है और खेलों के लिए मिलने वाली सरकारी सहायता में तीन गुना तक बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में अब खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। बीएसए और डीएसपी जैसे पदों पर खिलाड़ियों की नियुक्तियां इसका उदाहरण हैं।
यूपी ने बिहार को दी मात
पहले मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार को 25-18, 25-19 और 25-22 से शिकस्त दी।
मुकाबला काफी रोमांचक रहा, लेकिन यूपी ने निर्णायक क्षणों में बेहतर खेल दिखाया। यूपी की ओर से सूर्यांश सिंह और मोहम्मद सईद का प्रदर्शन खासा प्रभावशाली रहा।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में वे खिलाड़ियों के प्रदर्शन से बेहद प्रभावित हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश को कई पदक दिलाएंगे।
PM मोदी ने जताया उत्साह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस प्रतियोगिता को लेकर उत्साह जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उनकी सरकार खेलों और खिलाड़ियों को हर स्तर पर बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
पीएम मोदी ने जानकारी दी कि उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस राष्ट्रीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन किया।
यह टूर्नामेंट 11 जनवरी तक चलेगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों और संस्थानों का प्रतिनिधित्व करने वाली 58 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

