Varanasi News: काशी से विपक्ष पर वैदिक प्रहार, कांग्रेस-सपा नेताओं की ‘बुद्धि-शुद्धि’ के लिए यज्ञ का आयोजन

Sandesh Wahak Digital Desk: काशी की पावन धरती से विपक्षी दलों के खिलाफ वैदिक परंपरा के जरिए राजनीतिक संदेश देने की एक नई पहल शुरू हुई है।

रामकटोरा स्थित रामजानकी मंदिर में रविवार को राष्ट्रवादी हिंदू शक्ति वाहिनी द्वारा एक विशेष ‘बुद्धि-शुद्धि यज्ञ’ का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं की कथित “सनातन विरोधी मानसिकता” के खिलाफ वैचारिक विरोध दर्ज कराना था।

इस आयोजन के माध्यम से संगठन ने दावा किया कि कांग्रेस और सपा द्वारा बार-बार सनातन धर्म, लोकतंत्र और संविधान का “अपमान” किया जा रहा है, जिसे लेकर यह वैदिक यज्ञ एक राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत है।

राजनीति के नाम पर सनातन पर हमला?

इस अवसर पर राष्ट्रवादी हिंदू शक्ति वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार गुप्ता ने कहा,

“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या-मथुरा जैसे तीर्थ स्थलों का अभूतपूर्व विकास हुआ है।

यह देखकर कांग्रेस और सपा जैसे दल सनातन पर बार-बार वैचारिक प्रहार कर रहे हैं।”

उन्होंने विशेष रूप से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को निशाने पर लेते हुए कहा कि

“छह बार चुनाव हारने के बाद भी अजय राय खुद को ‘सांसद’ बताकर जनता और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रहे हैं।”

राजनीति के विरुद्ध वैदिक विरोध

संगठन ने स्पष्ट किया कि यह यज्ञ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि राजनीति में सनातन संस्कृति के अपमान के खिलाफ वैदिक प्रतिरोध है।

देश के अन्य प्रमुख तीर्थ स्थलों पर भी ऐसे यज्ञ आयोजित किए जाएंगे।

यज्ञ के दौरान विपक्षी नेताओं की तस्वीरें हवनकुंड में अर्पित कर उनके “मानसिक परिष्कार” के लिए प्रार्थना की गई।

आयोजकों ने इसे शांति और सद्भाव के उद्देश्य से किया गया प्रतीकात्मक विरोध बताया।

वोट चोरी के आरोपों पर भी नाराज़गी

कार्यक्रम में विपक्ष पर “वोट चोरी” के आरोप भी उछाले गए। संगठन के कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ हो रहे कथित खिलवाड़ के खिलाफ अब वैदिक चेतना का जागरण आवश्यक है।

उपस्थित प्रमुख लोग

इस आयोजन में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार गुप्ता के साथ संगठन के प्रमुख पदाधिकारी मनीष सिंह रघुवंशी, लक्ष्मण सिंह यादव, जितेंद्र निषाद, हिमांशु सिंह राजपूत, राजगोपाल पांडेय, प्रमोद पांडेय, सूरज यादव, दुर्गा साहनी, आदित्य शर्मा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक

Also Read: Basti News: 80 किमी साइकिल चला निकले तीन बच्चे, 25 घंटे बाद पुलिस ने CCTV की मदद से बरामद किया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.