जैसलमेर की सीमा से वरुण धवन की दहाड़, बोले- जो दूसरों को आजादी दिला सकता है, वो अपनी रक्षा करना भी जानता है
Sandesh Wahak Digital Desk: बहुप्रतीक्षित फिल्म बॉर्डर-2 की रिलीज से पहले जैसलमेर में आयोजित एक कार्यक्रम ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। फिल्म के आइकॉनिक गाने घर कब आओगे के लॉन्च पर पहुंचे अभिनेता वरुण धवन ने बिना नाम लिए सीमा पार के पड़ोसियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने साफ कहा कि भारत शांतिप्रिय देश जरूर है, लेकिन अपनी मिट्टी की रक्षा के लिए मुंहतोड़ जवाब देना भी जानता है।
तनोट माता मंदिर के पास बीएसएफ (BSF) जवानों के बीच खड़े होकर वरुण धवन काफी जोश में नजर आए। उन्होंने साल 1971 के युद्ध का जिक्र करते हुए कहा, अगर हम 1971 में किसी दूसरे देश (बांग्लादेश) को आजादी दिला सकते हैं, तो हम अपनी आजादी और अपनी धरती मां की रक्षा के लिए लड़ना भी बखूबी जानते हैं। हमारी सेना में आज भी वही जज्बा और वही हिम्मत कायम है।
वरुण का यह बयान ऐसे समय में आया है जब हाल ही में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान को कड़ा जवाब दिया है और पड़ोसी देश बांग्लादेश में भी हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर तनाव बना हुआ है।
जैसलमेर….!!!
तनोट माता मंदिर…🛕
बॉर्डर 2 फ़िल्म…. और संदेशे आते हैं गाना रिलीज़…!!
जैसलमेर का लोंगेवाला और तनोट माता मंदिर इस फ़िल्म का बेहद ख़ास हिस्सा रहा है… pic.twitter.com/ccyWHvEuZl
— kapil bishnoi (@Kapil_Jyani_) January 3, 2026
सनी देओल भी हुए भावुक
फिल्म के मुख्य हीरो और ‘बॉर्डर’ के असली चेहरा रहे सनी देओल भी इस मौके पर भावुक दिखे। उन्होंने बताया कि अपने पिता धर्मेंद्र की फिल्म ‘हकीकत’ देखने के बाद उन्होंने ठान लिया था कि वे एक ऐसी फिल्म जरूर करेंगे जो जवानों के साहस को सलाम करती हो। उन्होंने कहा कि ‘बॉर्डर-2’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि हर हिंदुस्तानी का जज्बा है।
23 जनवरी को रिलीज होगी फिल्म
जैसलमेर में चारों तरफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के पोस्टर लगे थे, जो युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित कर रहे थे। वरुण ने कहा कि ‘बॉर्डर-2’ जैसी फिल्में युवाओं को यह बताने के लिए जरूरी हैं कि अगर कोई हमारी तरफ आंख उठाकर देखेगा, तो अंजाम बुरा होगा। यह फिल्म 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
Also Read: Siddharthnagar News: ग्राम पंचायत अधिकारी अभिनव ओझा हैदराबाद में देंगे मास्टर ट्रेनिंग

