वेदांता चेयरमैन अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश का निधन, स्कीइंग एक्सीडेंट के बाद न्यूयॉर्क में तोड़ा दम

Sandesh Wahak Digital Desk: मशहूर उद्योगपति अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश अग्रवाल का अमेरिका में असामयिक निधन हो गया है। अग्निवेश 49 वर्ष के थे और अपने पीछे यादों का एक विशाल संसार छोड़ गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा शोक जताते हुए परिवार को संबल देने की प्रार्थना की है।

अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि अग्निवेश अपने दोस्तों के साथ अमेरिका में स्कीइंग करने गए थे, जहाँ एक दुर्घटना का शिकार हो गए। उन्हें न्यूयॉर्क के माउंट सिनाई अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार को उम्मीद थी कि वे ठीक हो जाएंगे, लेकिन अचानक कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा) आने की वजह से उन्होंने अंतिम सांस ली।

वो सिर्फ बेटा नहीं, मेरा दोस्त था

अनिल अग्रवाल ने अपने बेटे को याद करते हुए लिखा कि 3 जून, 1976 को पटना के एक मध्यम वर्गीय परिवार में जन्मा ‘अग्नि’ बेहद चंचल और मिलनसार था। अजमेर के मेयो कॉलेज से पढ़े अग्निवेश एक बॉक्सिंग चैंपियन, घुड़सवार और बेहतरीन संगीतकार भी थे। व्यावसायिक जगत में उन्होंने ‘फुजैराह गोल्ड’ जैसी कंपनी खड़ी की और ‘हिंदुस्तान जिंक’ के चेयरमैन के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभाई।

अपने बेटे के जाने के बाद अनिल अग्रवाल ने एक बहुत ही भावुक संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा, मैंने अग्निवेश से वादा किया था कि हमारे पास जो भी धन आएगा, उसका 75 प्रतिशत से ज्यादा समाज सेवा में लगाएंगे। आज मैं यह वादा फिर दोहराता हूँ। अग्निवेश हमेशा भारत को आत्मनिर्भर देखने का सपना देखते थे। अनिल अग्रवाल ने कहा कि वे अब अपनी बाकी जिंदगी इसी सपने को पूरा करने में लगा देंगे।

प्रधानमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री मोदी ने अनिल अग्रवाल की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “श्री अग्निवेश अग्रवाल का असामयिक निधन अत्यंत दुखद और स्तब्ध करने वाला है। प्रार्थना है कि आपको और आपके परिवार को इस कठिन समय में शक्ति और साहस मिलता रहे। ओम शांति।”

Also Read: चुनाव रणनीति बनाने वाली कंपनी IPAC के ठिकानों पर ED की रेड, भड़कीं ममता बनर्जी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.