सुप्रीम कोर्ट ने डेल्सी रोड्रिग्ज को बनाया वेनेजुएला का अंतरिम राष्ट्रपति, मादुरो की गैरमौजूदगी में संभालेंगी देश की कमान
Sandesh Wahak Digital Desk: वेनेजुएला की सुप्रीम कोर्ट ने एक आपातकालीन आदेश जारी करते हुए देश की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त कर दिया है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की स्थिति को लेकर पूरी दुनिया में संशय बना हुआ है और देश एक गहरे संकट के दौर से गुजर रहा है।
एक न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि राष्ट्रपति मादुरो फिलहाल अपने दायित्वों को निभाने के लिए उपलब्ध नहीं हैं। ऐसी स्थिति में देश में प्रशासनिक अराजकता न फैले और सरकारी कामकाज सुचारू रूप से चलता रहे, इसलिए डेल्सी रोड्रिग्ज को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अदालत ने कहा, देश की सुरक्षा और संप्रभुता सुनिश्चित करने के लिए सरकार का नेतृत्वहीन रहना खतरनाक हो सकता है। यह एक अंतरिम व्यवस्था है ताकि मौजूदा जटिल परिस्थितियों में संवैधानिक ढांचा बना रहे। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी संकेत दिया है कि वह बहुत जल्द इस मामले पर विस्तार से विचार करेगी। अदालत को यह तय करना है कि यदि राष्ट्रपति मादुरो की अनुपस्थिति ‘जबरन’ (Forced Absence) है या लंबे समय तक बनी रहती है, तो भविष्य में देश के संचालन के लिए कौन सा कानूनी और संवैधानिक रास्ता अपनाया जाएगा।
कौन हैं डेल्सी रोड्रिग्ज
डेल्सी रोड्रिग्ज निकोलस मादुरो की सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में से एक मानी जाती हैं। वे लंबे समय से उपराष्ट्रपति के पद पर रहते हुए सरकार के महत्वपूर्ण फैसले लेती रही हैं। अब उनके कंधों पर न केवल देश को इस संकट से बाहर निकालने की जिम्मेदारी है, बल्कि मादुरो की सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देने का दबाव भी है।
Also Read: कुशीनगर को बड़ी सौगात: गंडक नदी पर 716 करोड़ की लागत से बनेगा पक्का पुल

