ट्रंप के आदेश पर वेनेजुएला की नौका पर हमला, 3 की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर अमेरिकी सेना ने एक बार फिर वेनेजुएला की एक नौका को निशाना बनाया है। इस नौका पर दो मिसाइलों से हमला किया गया, जिसमें कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। ट्रंप ने कहा कि यह नौका मादक पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही थी और इसे पूरी तरह से तबाह कर दिया गया है। इस हमले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जारी किया गया है।

एक महीने में तीसरी घटना

अमेरिका द्वारा किसी नौका पर हमला करने की यह एक महीने में तीसरी घटना है। ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे एक आतंकवादी संगठन से जुड़े जहाज पर हुए इस हमले में तीन लोग मारे गए। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें खुफिया जानकारी मिली थी कि जहाज के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही थी।

इस हमले का जो वीडियो सामने आया है, उसमें एक तेज रफ्तार जहाज पर दो मिसाइलें हमला करती हैं, जिसके बाद एक जोरदार धमाका होता है। इससे पहले, ट्रंप ने सोमवार को भी वेनेजुएला से मादक पदार्थों की तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही एक नौका पर हमले की जानकारी दी थी, जिसमें भी तीन लोग मारे गए थे। 2 सितंबर को भी एक स्पीड बोट पर ऐसे ही हमले में 11 लोग मारे गए थे। ट्रंप ने उस समय दावा किया था कि वह बोट ट्रेन डे अरागुआ गैंग चला रहा था, जिसे अमेरिका ने एक आतंकवादी संगठन घोषित किया है।

Also Read: ट्रंप का H-1B वीज़ा पर बड़ा फैसला, अब हर आवेदन पर 83 लाख रुपये का शुल्क

Get real time updates directly on you device, subscribe now.