दिग्गज अभिनेता रजा मुराद ने अपनी मौत की अफवाह पर पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता रजा मुराद ने अपनी मौत की झूठी खबर फैलने के बाद मुंबई के अंबोली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। सोशल मीडिया पर एक फर्जी पोस्ट वायरल हुई थी, जिसमें उनकी मृत्यु की खबर फैलाई गई थी। इस अफवाह से उन्हें और उनके परिवार को बहुत मानसिक परेशानी हुई।

रजा मुराद ने यह साफ किया कि वे पूरी तरह स्वस्थ और ज़िंदा हैं। उन्होंने कहा, मैं अभी ज़िंदा हूँ और पूरी तरह स्वस्थ हूँ। यह बहुत दुखद है कि कुछ लोग बिना सोचे-समझे ऐसी अफवाहें फैलाते हैं। मैं इन अफवाहों पर बार-बार सफाई देते-देते थक गया हूँ। यह न सिर्फ मेरे लिए, बल्कि मेरे परिवार और प्रशंसकों के लिए भी परेशानी का सबब बन गया है। उन्होंने बताया कि इस झूठी खबर के बाद उन्हें दुनिया भर से फोन और संदेश आ रहे हैं। लोग उन्हें उस पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी भेज रहे हैं।

raza murad

अफवाह फैलाने वालों पर भड़के मुराद

रजा मुराद ने इस तरह की अफवाहों को ‘शर्मनाक’ बताया और इसे फैलाने वालों की मानसिकता पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि ऐसे काम वही लोग करते हैं जो जीवन में कुछ हासिल नहीं कर पाते और सस्ती लोकप्रियता के लिए ऐसी हरकतें करते हैं। उन्होंने पुलिस से इस गैर-जिम्मेदाराना हरकत के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस ने रजा मुराद की शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से पोस्ट फैलाने वालों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। रजा मुराद अपनी दमदार आवाज़ और शानदार अभिनय के लिए मशहूर हैं। उन्होंने ‘पद्मावत’, ‘बाजीराव मस्तानी’ और ‘जोधा अकबर’ जैसी कई फिल्मों में यादगार भूमिकाएँ निभाई हैं।

Also Read: Ayodhya News: शिक्षक की पिटाई से बेहोश हुई छात्रा, जिला अस्पताल रेफर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.