Siddharthnagar News: पौधारोपण कार्यक्रम में बोलीं कुलपति, यह सिर्फ प्रतीक नहीं, भविष्य को स्वस्थ बनाने की दूरदर्शी पहल है
Siddharthnagar News: सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे ‘एक पौधा माँ के नाम’ अभियान के तहत गुरुवार को एक भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वाधान में हुए इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति, कुलसचिव सहित सभी अधिकारी, प्राध्यापक, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
माँ की तरह करें पौधों की देखभाल
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कविता शाह और कुलसचिव दीनानाथ यादव की गरिमामयी उपस्थिति में विश्वविद्यालय परिसर में औषधीय, पौराणिक और जीवन उपयोगी पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. कविता शाह ने कहा कि आज का यह पौधारोपण केवल प्रतीकात्मक क्रिया नहीं, बल्कि यह भावी पीढ़ी के जीवन को सुरक्षित, समृद्ध और स्वस्थ बनाने की एक दूरदर्शी पहल है। उन्होंने बताया कि ‘एक पौधा माँ के नाम’ अभियान न केवल पर्यावरणीय चेतना को मजबूत करता है, बल्कि यह हमारी भावनात्मक-सांस्कृतिक परंपराओं से भी गहराई से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि जिस प्रकार हम अपनी माँ की सेवा, सुरक्षा और देखभाल करते हैं, उसी प्रकार लगाए गए हर पौधे की भी देखभाल, पालन-पोषण और संरक्षण हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान की वास्तविक सफलता तभी मानी जाएगी, जब हम लगाए गए पौधों को बड़ा होते हुए देखेंगे और उनका संरक्षण सुनिश्चित करेंगे। प्रो. शाह ने आगाह किया कि आज के युग में जब जलवायु परिवर्तन, वनों की कटाई और प्रदूषण जैसी समस्याएं मानव अस्तित्व के लिए खतरा बन रही हैं, ऐसे में वृक्षारोपण ही नहीं, वृक्ष संरक्षण ही एक स्थायी समाधान है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय इस दिशा में लगातार अग्रणी भूमिका निभा रहा है और इस अभियान को एक दीर्घकालिक हरित आंदोलन में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है।

पर्यावरण की रक्षा हम सबकी जिम्मेदारी: कुलसचिव
इसी क्रम में कुलसचिव दीनानाथ यादव ने भी पौधारोपण की महत्ता पर बल देते हुए कहा कि पर्यावरण की रक्षा हम सबकी साझी जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की निगरानी और संरक्षण के लिए विभागवार उत्तरदायित्व तय किया जाएगा।
यह कार्यक्रम सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉक्टर देवबक्स सिंह और पौधारोपण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर यशवंत यादव की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सभी संकायों, विभागों और इकाइयों ने भाग लिया, और सभी ने अपने-अपने स्तर पर पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: Kushinagar News: बिजली बिल जमा न होने पर बुद्ध इंटर कॉलेज की लाइट काटी, 5 हजार छात्र गर्मी से बेहाल

