उपराष्ट्रपति चुनाव: सीपी राधाकृष्णन या सुदर्शन रेड्डी, कौन बनेगा अगला उपराष्ट्रपति?

Sandesh Wahak Digital Desk: आज, मंगलवार (9 सितंबर) को भारत के 17वें उपराष्ट्रपति के लिए चुनाव होने जा रहा है। इस चुनाव में दो प्रमुख उम्मीदवार आमने-सामने हैं। जिसमें एनडीए के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन और इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी। यह पहली बार है जब उपराष्ट्रपति पद के लिए दोनों ही प्रमुख उम्मीदवार दक्षिण भारत से हैं।

उम्मीदवारों का परिचय

सीपी राधाकृष्णन (एनडीए): एनडीए के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन का राजनीतिक करियर काफी लंबा और प्रभावशाली रहा है। वे महाराष्ट्र के राज्यपाल रह चुके हैं और झारखंड व तेलंगाना में भी महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएँ दे चुके हैं। वे भाजपा के एक अनुभवी नेता हैं, जिन्होंने दक्षिण भारत में पार्टी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। इसके अलावा वे तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष भी रहे हैं। राधाकृष्णन ने 1998 और 1999 में कोयंबटूर से लोकसभा चुनाव जीता था। उन्होंने मात्र 16 साल की उम्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़कर अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी।

बी. सुदर्शन रेड्डी (इंडिया गठबंधन): इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी तेलंगाना से आते हैं और एक जाने-माने न्यायविद् हैं। वे आंध्र प्रदेश, गुवाहाटी और सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीश रह चुके हैं। उन्हें 2007 में सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। वे गोवा के पहले लोकायुक्त भी रहे, हालांकि उन्होंने सात महीने बाद ही इस पद से इस्तीफा दे दिया था।

चुनावी गणित और संभावनाएं

उपराष्ट्रपति चुनाव में जीत के लिए उम्मीदवार को 391 सांसदों का समर्थन चाहिए। कुल मिलाकर, राज्यसभा में 238 और लोकसभा में 542 सांसद मतदान करेंगे।

एनडीए के पास इस समय 425 सांसद हैं, जिससे सीपी राधाकृष्णन की जीत की संभावनाएँ काफी मजबूत दिख रही हैं।

इंडिया गठबंधन भी इस चुनाव में कड़ी टक्कर दे रहा है।

यह चुनाव पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद हो रहा है, जिन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

Also Read: Lucknow News: अंसल एपीआई की ‘टैक्स छूट’ हुई खत्म, 50 करोड़ का गृहकर वसूलेगा नगर निगम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.