उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज, इंडिया ब्लॉक आज करेगा अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान
Sandesh Wahak Digital Desk: देश के अगले उपराष्ट्रपति पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियाँ तेज़ हो गई हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की ओर से उम्मीदवार का ऐलान कर दिया गया है। एनडीए ने सी. पी. राधाकृष्णन को अपना उपराष्ट्रपति पद का प्रत्याशी घोषित किया है।
भाजपा चाहती है कि यह चुनाव निर्विरोध संपन्न हो। इसके लिए वह विभिन्न दलों से समर्थन जुटाने में लगी हुई है। अब सभी की नजरें विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया ब्लॉक’ पर टिकी हैं, जो अपना प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है।
इसी कड़ी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज, 19 अगस्त 2025 को दोपहर 12.30 बजे अपने आवास पर संसद में मौजूद विपक्षी दलों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस बैठक के बाद विपक्ष की ओर से उपराष्ट्रपति पद के प्रत्याशी का ऐलान कर दिया जाएगा।
तमिलनाडु से हो सकता है विपक्ष का उम्मीदवार
सूत्रों के अनुसार, विपक्ष की ओर से तमिलनाडु से एक वरिष्ठ वैज्ञानिक को उम्मीदवार बनाए जाने पर विचार किया जा रहा है। डीएमके की ओर से इसरो के पूर्व वैज्ञानिक माइलस्वामी अन्नादुरई का नाम प्रस्तावित किया गया है। अन्नादुरई चंद्रयान-1 परियोजना के प्रमुख रह चुके हैं और उन्हें एक मजबूत उम्मीदवार माना जा रहा है।
विपक्ष की रणनीति है कि यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई के रूप में लड़ा जाए। इसके अलावा, विपक्ष की ओर से महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, और पूर्व योजना आयोग अध्यक्ष भालचंद्र मुंगेकर के नामों की भी चर्चा चल रही है।
दक्षिण भारत पर विशेष फोकस
विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक की रणनीति है कि उपराष्ट्रपति पद के लिए दक्षिण भारत, विशेष रूप से तमिलनाडु से उम्मीदवार उतारा जाए। ऐसा करने का उद्देश्य दक्षिणी राज्यों में भाजपा के बढ़ते प्रभाव को चुनौती देना है। साथ ही, एक वैज्ञानिक को मैदान में उतारने से लोगों को पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम की याद भी ताज़ा हो सकती है, जो तमिलनाडु से थे और ‘मिसाइल मैन’ के रूप में प्रसिद्ध हुए थे।
Also Read: Mumbai Rains: भारी बारिश का कहर, 7 की मौत, आदित्य ठाकरे ने BMC पर लगाए आरोप

