UP STF के एनकाउंटर में ढेर हुआ 1 लाख का इनामी विक्की, 8 साल से पुलिस को दे रहा था चकमा
UP STF News: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में मंगलवार तड़के यूपी स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश विक्की उर्फ आसिफ अली के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में घायल हुए आरोपी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, विक्की उर्फ आसिफ अली पिछले करीब आठ वर्षों से फरार चल रहा था और लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचता रहा। उस पर हत्या, लूट और अन्य गंभीर अपराधों समेत 25 से अधिक मुकदमे दर्ज थे।
घेराबंदी के दौरान UP STF पर की फायरिंग
एसटीएफ के अनुसार, तड़के करीब चार बजे बेवाना थाना क्षेत्र के जगदीशपुर मुस्लिमपुर के पास विक्की की मौजूदगी की सूचना मिली। टीम ने इलाके की घेराबंदी की तो आरोपी ने खुद को घिरा देख पुलिस पर कई राउंड फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में विक्की गोली लगने से घायल हो गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हाल की वारदातों के बाद तेज हुई थी तलाश
पुलिस के मुताबिक, कानपुर नगर के बिल्हौर थाना क्षेत्र के धुरैथा मकरनपुर गांव का रहने वाला विक्की उर्फ आसिफ अली हाल ही में जौनपुर और शाहजहांपुर के शाहगंज क्षेत्र में हुई हत्या की घटनाओं में भी वांछित था। इन मामलों के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज किया गया था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
फिलहाल पुलिस मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

